- CIA टीम पर पीछा करते वक्त की फायरिंग
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : महेंद्रगढ़ जिला सीआईए की टीम ने मंगलवार को सदर कनीना थाना क्षेत्र में मोस्ट वांटेड अपराधी सोमवीर के साथ हुई मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को पहले कनीना अस्पताल और बाद में रोहतक पीजीआई रेफर किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैजल खान ने बताया कि सीआईए टीम सतनाली मोड़ पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि हत्या के प्रयास के मामले में वांछित सोमवीर निवासी बाघोत बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक पर दोगड़ा की ओर जा रहा है। उसके पास अवैध हथियार होने और किसी वारदात को अंजाम देने की आशंका थी।
टीम को देख भागने की कोशिश
सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। गांव भालखी की ढाणी के पास पुलिस टीम को संदिग्ध बाइक दिखाई दी। पुलिस ने सायरन बजाकर और आवाज देकर उसे रुकने व आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपी भागने लगा।
पुलिस के वाहन पर की फायरिंग
पुलिस प्रवक्ता नरेश यादव के अनुसार पीछा किए जाने पर आरोपी ने अवैध पिस्तौल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली पुलिस वाहन के साइड ग्लास पर लगी। फायरिंग के दौरान बाइक असंतुलित होकर गिर गई और आरोपी झाड़ियों में जा गिरा।
इसके बावजूद उसने दोबारा उठकर पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। आरोपी की गोली सीआईए प्रभारी पीएसआई उज्जवल के पास से होकर निकली।
जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
लगातार फायरिंग और पुलिसकर्मियों की जान को खतरा देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह मौके पर गिर गया। पुलिस ने उसे तुरंत काबू कर लिया।
अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्तौल, दो खाली कारतूस के खोल तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद हथियार और अन्य सामान को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बदमाश पर पहले से 6 केस दर्ज
पूछताछ में आरोपी की पहचान बाघोत निवासी सोमवीर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हत्या के प्रयास के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।