- पंचकूला में बेकाबू होकर पलटी क्रेन, टक्कर लगने से बिजली का खंभा भी टूटा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में वीरवार शाम जनरेटर को क्रेन से चौथी मंजिल की छत पर पहुंचाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। क्रेन का अचानक संतुलन बिगड़ने से जनरेटर समेत दो कर्मचारी कई फीट नीचे सड़क पर जा गिरे। पूरा हादसा CCTV में कैद हो गया है।
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि क्रेन अचानक पलटती है और उसके साथ जनरेटर व दोनों कर्मचारी नीचे आ गिरते हैं। गिरते समय जनरेटर बिजली की तारों से टकराया, जिससे बिजली का खंभा भी टूट गया। हादसा इतना भयावह था कि अगर पिकअप वाहन कुछ सेकेंड और मौके पर रहता तो वह भी इसकी चपेट में आ सकता था।
CCTV के मुताबिक हादसे से करीब 4 सेकेंड पहले ही पिकअप वहां से निकली थी। इसके बाद क्रेन पलटी और जनरेटर सड़क पर जा गिरा। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर कोई अन्य व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया।
बिहार और हिमाचल के रहने वाले
मृतकों की पहचान मनीष निवासी बिहार और नवीन निवासी हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। हादसा शाम करीब साढ़े 3 बजे इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 के प्लॉट नंबर-310 में स्थित मिलीएम्स इंजीनियर सॉल्यूशंस कंपनी में हुआ।
जानकारी के अनुसार कंपनी की चौथी मंजिल की छत पर बाहर से लाए गए भारी जनरेटर को क्रेन की मदद से पहुंचाया जा रहा था। इसी दौरान दोनों कर्मचारी जनरेटर के ऊपर बैठे हुए थे। ऊंचाई पर पहुंचने से पहले ही क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और पूरी मशीनरी नीचे आ गिरी।
बिजली की तारों से टकराया जनरेटर, खंभा टूटा
क्रेन पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जनरेटर नीचे गिरते समय बिजली की तारों से टकराया, जिससे बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया और इलाके की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों कर्मचारियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
मामले की चल रही जांच- SHO
पंचकूला सेक्टर-20 थाना इंचार्ज यशदीप सिंह के अनुसार मामले की जांच चल रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। परिवार के आने पर उनके बयान लिए जाएंगे। उनके बयान अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।