August 14, 2026
14 aug 13
  •  महिलाएं भी पहुंचीं,  पुलिस अलर्ट, ASP और 3 DSP सहित 300 कर्मी लगाए

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हिसार में डेयरी संचालक जीवन कुंडू की निर्मम हत्या के मामले को लेकर खाप पंचायतों और किसान संगठनों में बेहद गुस्सा है। खाप पंचायतों, किसान संगठनों और ग्रामीणों के आर-पार की लड़ाई के ऐलान के बाद शुक्रवार को हिसार-सिरसा हाईवे पर लांधड़ी टोल, अग्रोहा और रामायण टोल पर प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

पुरुषों के साथ महिलाएं भी टोल की लेन के बीचोंबीच दरी बिछाकर बैठ गई हैं। इस दौरान ग्रामीणों की वाहन चालकों से नोकझोंक भी हुई। इस प्रदर्शन की टाइमिंग सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रखी गई है। चेतावनी दी गई है कि हिसार के सभी मुख्य राजमार्गों को पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि लोकल रूट्स पर आवाजाही पर कोई पाबंदी नहीं रहेगी।

वहीं, पुलिस ने भी किसी अनहोनी से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर रखी है। एक एएसपी सहित 3 डीएसपी और करीब 300 पुलिसकर्मी टोल नाकों पर तैनात किए है। एक कंपनी को रिजर्व रखा गया है। हर टोल पर एक डीएसपी, इंस्पेक्टर और 50-50 पुलिसकर्मी तैनात है।

आईजी ने मनाने का प्रयास किया, नहीं माने

वहीं, गुरुवार शाम को जीवन हत्याकांड में न्याय समिति की आईजी रविंद्र तोमर के साथ मीटिंग हुई। प्रशासन की ओर से मीटिंग के लिए संदेश भेजा गया। समिति ने आइजी के समक्ष मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी की बात उठाई।

आइजी ने कहा कि पुलिस पूरी ईमानदारी से आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है और अब तक 7 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। मगर, आइजी के आश्वासन पर भी न्याय समिति नहीं मानी। समिति ने कहा कि हम सिर्फ नेशनल हाईवे जाम करेंगे, लिंक रोड पूरी तरह खुली रहेंगे।

हत्याकांड में उछला BJP विधायक का नाम

धरना कमेटी के सदस्य सुरेश कोथ ने सीधा आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी उचाना से भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री का रिश्तेदार है और राजनीतिक शह के कारण ही वह पुलिस की पकड़ से बाहर है। इस पर पलटवार करते हुए बीजेपी विधायक देवेंद्र अत्री ने कहा कि आरोपी रमेश शर्मा मेरे गांव कसूहन का है और 5वीं पीढ़ी का रिश्तेदार है।

35 साल पहले ही उसका परिवार हिसार शिफ्ट हो गया था। अगर इस मामले में मेरा सगा भाई या बेटा भी शामिल होता, तो मैं उसकी पैरवी नहीं करता। हमारे परिवार में मर्डर के आरोपी को बचाने वाले संस्कार नहीं हैं।

अब तक 7 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर 50 हजार इनाम

हिसार पुलिस अब तक मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिसमें भानु कुमार, गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित और साहिल शामिल हैं। मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अब भी फरार है, जिस पर पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

SP सिद्धांत जैन ने बताया कि पुलिस की 10 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मुख्य आरोपी देश छोड़कर न भाग सके, इसके लिए लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया गया है। पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी गई है और पुनर्वास के लिए रोजगार का आवेदन भी कराया गया है।