- पूर्व CM हुड्डा की कोठी के आगे दुकानों के छज्जे गिरे, तीन जिलों में हालात बिगड़े
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट है। हिसार, महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, भिवानी, गुरुग्राम, रोहतक और सिरसा के डबवाली में बारिश हुई। इसके साथ ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। रोहतक, झज्जर और फरीदाबाद में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए।
रोहतक में खाली प्लाट में भरे बारिश के पानी में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई, वहीं डी-पार्क एरिया में पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा की कोठी के सामने कई दुकानों के छज्जे गिर गए। पूर्व मंत्री सुभाष बतरा के घर के पास वाली गली में भी पानी भर गया।
इसके अलावा फरीदाबाद ग्रीन फील्ड इलाके में खाली पड़े प्लॉट में पानी जमा होने के कारण दीवार टूट गई। इससे पानी दयालबाग इलाके के मकानों में चला गया। ड्रोन व्यू से देखने पर कई कॉलोनियों में सड़के पानी से लबालब दिखी।
गुरुग्राम के धनवापुर रोड पर जलभराव हो गया। इसमें युवकों की बाइक बंद पड़ गई। इसके बाद युवक बाइक को कंधे पर उठाकर ले गए। झज्जर में रातभर हुई भारी बारिश में रेवाड़ी रोड स्थित जलघर की मुख्य दीवार टूट गई। बरसाती पानी जलघर परिसर में घुस गया। हिसार के पीएलए एरिया में भी सड़कों पर जलभराव है।
रोहतक में 8 साल के बच्चे की मौत
रोहतक की राजीव कॉलोनी में एक 8 साल के बच्चे की प्लाट में भरे बरसात के पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक संतोष अपने भाई-बहनों के साथ खेलने के लिए पड़ोस में गया था, जहां प्लाट में बरसात का पानी भरा हुआ था। बच्चे खेलते हुए पानी के अंदर चले गए, जहां संतोष डूब गया।
फतेहाबाद में छत गिरी, मां-बेटा मलबे में दबे
फतेहाबाद जिले के गांव दहमन में बारिश की वजह से ग्रामीण जिले सिंह के मकान की कच्ची छत गिर गई। इससे जिले सिंह की पत्नी कमला और बेटा रामदिया दोनों मकान के अंदर ही दब गए। ग्रामीणों ने दोनों को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
नारनौल में हवेली, रोहतक में दुकानों के छज्जे गिरे
नारनौल के थाना निज़ामपुर क्षेत्र के गांव छिलरो मे एक पुरानी हवेली ढह गई। इसमें कोई नहीं रह रहा था। हवेली के मालिकों ने अपने मकान बाहर बना रखे है। इसी वजह से सभी सुरक्षित बच गए। उधर, रोहतक में पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा की कोठी के सामने चार दुकानों के छज्जे गिर गए। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई मौजूद नहीं था।
हिसार में मकान पर गिरी आसमानी बिजली
हिसार जिले के गांव बुड्ढाखेड़ा में प्यारेलाल डूडी के मकान के चौबारे पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने से तेज धमाका हुआ और चौबारे में लगी बिजली की फिटिंग, वायरिंग व स्विच जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दीवारों और छत से कई जगह सीमेंट भी उखड़कर नीचे गिर गया।
गुरुग्राम में फिर से वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी
गुरुग्राम में भी लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। गुरुग्राम प्रशासन ने एक बार फिर से वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी की है। जिला प्रशासन ने 8 अगस्त को भी कॉरपोरेट कार्यालयों और निजी संस्थानों को कर्मचारियों को घर से काम करने की एडवाइजरी दी है।