July 29, 2026
29 july 7
  • पक्ष में गवाही देने के ₹30 हजार मांगे, फतेहाबाद कोर्ट परिसर के बाहर पकड़ा गया

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के फतेहाबाद में ACB (एंटी करप्शन ब्यूरो) ने सब इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी SI 20 हजार रुपए की रिश्वत लेने के बाद फतेहाबाद कोर्ट के बाहर बिरयानी खा रहा था।

बिरयानी खाते हुए ही फतेहाबाद ACB की टीम ने सब इंस्पेक्टर को पकड़ लिया। आरोपी ने एक केस में गवाही देने के पक्ष में 30 हजार रुपए की डिमांड की थी। इसके बाद 20 हजार रुपए में सौदा हुआ।

मामले की जानकारी एसीबी को मिली तो टीम ने प्लान बनाना शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता को SI के पास भेजा गया। सब इंस्पेक्टर ने जैसे ही ठेले पर दोनों के लिए बिरयानी ऑर्डर की, एसीबी की टीम ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया।

कोर्ट परिसर के बाहर बिरयानी खा रहा था

फतेहाबाद के भट्टू थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर रामपाल ने केस में गवाही के नाम पर 30 हजार रुपए की डिमांड की थी। इसके बाद 20 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। इसके बाद पीड़ित ने फतेहाबाद एसीबी की टीम से संपर्क किया। एसीबी अधिकारियों ने इसके बाद पूरा प्लान बनाना शुरू कर दिया।

मंगलवार को एसीबी अधिकारियों ने शिकायतकर्ता को कोर्ट परिसर के पास भेजा। सब इंस्पेक्टर यहां परिसर के बाहर एक ठेले पर बिरयानी खा रहा था। जैसे ही शिकायतकर्ता ने सब इंस्पेक्टर रामपाल के रुपए थमा एसीबी की टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया।

पक्ष में गवाही देने के नाम पर मांगे रुपए

ACB इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह का कहना है कि दहमन गांव के सुरेश कुमार की शिकायत पर ये कार्रवाई हुई। सुरेश कुमार के चचेरे भाई का केस कोर्ट में विचाराधीन है। इस केस में दोनों पक्षों का समझौता हो चुका है।

अब इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर सब इंस्पेक्टर रामपाल की गवाही होनी थी। इस गवाही के नाम पर ही रामपाल ने रिश्वत मांगी थी। रामपाल की गवाही के बाद अब केस डिस्मिस हो सकता था।

पूछताछ में जुटी ACB की टीम

कोर्ट परिसर में सब इंस्पेक्टर रामपाल को दबोचकर एसीबी की टीम उसे फतेहाबाद एसीबी ऑफिस ले गई। यहां उससे पूरे मामले की पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एक महीने पहले ही भट्‌टू थाने में हुई थी तैनाती

फतेहाबाद जिले में जून महीने में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने दो पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ा था। इसके बाद SP निकिता खट्‌टर ने बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों के ट्रांसफर किए थे। कई पुलिसकर्मियों को दूसरे थानों में लगाया गया। एसआई रामपाल को भी करीब एक महीने पहले ही भूना थाने से बदलकर भट्‌टू थाने में लगाया गया था।

एक महीने पहले पकड़ी गई थी महिला ASI

करीब एक महीने पहले जून में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) जींद की टीम ने 35 हजार रुपए की रिश्वत लेते भट्टू थाने में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) तलविंद्र कौर को रंगेहाथ पकड़ा था। उसके साथ बिचौलिए की भूमिका निभा रही कस्तूरी देवी नाम की महिला को भी पकड़ा गया था। मामला लड़की से जुड़ा था, जिसमें समझौता हो गया था।

इसके बावजूद जांच अधिकारी तलविंद्र पुलिसकर्मी युवक पक्ष पर 2 लाख रुपए देने का दबाव बना रही थी। बाद में डील 35 हजार रुपए में हुई। मामले में दोनों पक्षों की पंचायत भी हुई थी। इसी दौरान एएसआई ने संकेत दिए थे कि मामला निपटाने के लिए कस्तूरी देवी से मिल लेना, उसको सबकुछ बता दिया है। इसके बाद एसीबी ने उसको पकड़ने की कार्रवाई की थी।