- जुलाई में 27% कम बरसे बादल
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मौसम विभाग ने दो दिन तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। मंगलवार सुबह यमुनानगर, पंचकूला और फरीदाबाद में तेज बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने सुबह साढ़े 11 बजे तक पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
आधा मानसून सीजन बीत चुका है। अब तक 134.8 मिमी बारिश हुई है। यह सामान्य से 27% कम है। जून के बाद जुलाई में भी कम बारिश हुई है। जुलाई में अब तक 95.8 मिमी. बारिश हुई है, जो सामान्य (130.2 मिमी.) से 26% कम है।
कई जिलों में सामान्य तो कई में 62% तक बारिश की कमी
IMD के मुताबिक, 1 जून से 26 जुलाई 2026 तक कुछ जिलों में सामान्य या उससे अधिक बारिश हुई है, जबकि कई जिले अब भी सामान्य से काफी कम वर्षा का सामना कर रहे हैं। महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, भिवानी, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, करनाल और चरखी दादरी समेत कई जिलों में मानसूनी बारिश सामान्य श्रेणी में रही है।
महेंद्रगढ़ में 185.7 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 3% अधिक है। वहीं रेवाड़ी में 173 मिमी, चरखी दादरी में 175 मिमी और पलवल में 168.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कई जिलों में अब भी बारिश का बड़ा घाटा बना हुआ है। सबसे खराब स्थिति जींद और सिरसा की है। जींद में अब तक केवल 65.2 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 62% कम है। सिरसा में 42.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 62% कम है।
इसके अलावा रोहतक और अंबाला में 61-61%, कैथल में 47%, सोनीपत में 38%, हिसार में 35% और यमुनानगर में 34% कम बारिश दर्ज की गई है।
सोनीपत सबसे गर्म, 38.8°C रिकॉर्ड
हरियाणा में सोमवार को अधिकतम तापमान में औसतन 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि तापमान अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस सोनीपत के कैनाल रेस्टहाउस सरगथल (AWS) में रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा हिसार में 38.6°C, भिवानी में 38.5°C, फरीदाबाद के बोपानी में 38.1°C और रोहतक में 38.2°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
करनाल-नारनौल सबसे ठंडे
मंगलवार को न्यूनतम तापमान में औसतन 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, प्रदेश का न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, नारनौल और करनाल में सबसे कम 26 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सिरसा 29.2°C के साथ सबसे गर्म रात वाला जिला रहा, जबकि हिसार में 28.8°C, रोहतक में 28.4°C, फतेहाबाद में 28.1°C और गुरुग्राम में 26°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।