July 27, 2026
27 july 19
  • रोहतक में किसान नेता बोले, भाजपा की करनी-कथनी में अंतर, जल्द होगा आंदोलन

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  रोहतक में भारत व अमेरिका के बीच होने वाली ट्रेड डील व दिल्ली जंतर मंतर पर युवाओं के ऊपर हुए लाठीचार्ज के विरोध में खाप व किसानों की मीटिंग हुई। मीटिंग के दौरान किसान नेताओं ने सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया और जल्द ही प्रदेशभर में आंदोलन करने की रणनीति बनाई।

मीटिंग के दौरान अंबाला से आए भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के महासचिव कुलदीप सिंह ने कहा कि अगर भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील होती है तो यह किसानों के लिए किसी डेथ वारंट से कम नहीं होगी। जैसे जिओ की सिम जब आई तो फ्री थी, अब उसका रिचार्ज 1000 रुपए तक है। वैसे ही ट्रेड डील है।

अमेरिका से खाद्य पदार्थ आया तो किसान होगा बर्बाद

कुलदीप सिंह ने कहा कि अगर अमेरिका से खाद्य पदार्थ भारत में आया तो वह बहुत सस्ता मिलेगा, जिससे भारत का किसान बर्बाद हो जाएगा। क्योंकि भारत में किसानों के पास एकड़ के हिसाब से जमीन है और अमेरिका में किलोमीटर के हिसाब से जमीन है। ऐसे में किसान के पास कुछ नहीं बचेगा।

भाजपा की करनी व कथनी में अंतर

किसान नेता कुलदीप सिंह ने कहा कि भाजपा की करनी व कथनी में अंतर है। भाजपा नारा देती है बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ। लेकिन बेटी पढ़कर पेपर देती है और पेपर लीक हो जाता है। दिल्ली में बेटियों के साथ बर्बरता की गई। सरकार जो बोलती है, उसके उल्टा काम करती है।

पुलिस ने बदनियत से युवाओं पर चलाई लाठिया

जाट आरक्षण संघर्ष समिति से अशोक बल्हारा ने कहा कि दिल्ली जंतर मंतर पर युवाओं के ऊपर जो लाठीचार्ज हुआ, पुलिस ने बदनियत से लाठियों पर नुकीली चीज लगाकर मारा। पॉयलेट गन का प्रयोग किया। नीट परीक्षा देने वाले युवाओं पर इस प्रकार की बर्बरता सहन नहीं होगी। सरकार यूपीएससी की तरह परीक्षा की व्यवस्था करे।

किसानों को दिल्ली जाने से रोक रही सरकार

अशोक बल्हारा ने कहा कि रिठाल के सरपंच पर झूठा मुकदमा दर्ज किया गया कि बच्चों को बहका रहे थे। जबकि बच्चे पहले से बैठे थे। किसानों को दिल्ली जाने से रोक रहे है। किसानों को डिटेन किया जा रहा है। किसान ट्रेड डील का विरोध कर रहे है। एमएसपी की घोषणा भी कर देते है तो फसल की खरीद नहीं होती।

अशोक बल्हारा ने कहा कि सीएम बता तो दें कि हरियाणा की कौन सी 24 फसलों पर एमएसपी दे रहे हैं। सरकार भ्रमित नहीं बल्कि व्यापारीकरण कर रही है। सरकार की नीतियों से नाराज है और सभी मिलकर ट्रेड डील के खिलाफ हर जिले में शांतिपूर्ण धरने देंगे।

सरकार के व्यापारिक समझौतों के खिलाफ किसान

किसान नेता रणधीर सिंह ने कहा कि कृषि संबंधित ट्रेड डील के विरोध में मीटिंग के अंदर निर्णय लिया गया है। ताकि किसान, मजदूर व हर वर्ग इससे बच सके। सरकार नहीं मानी तो सड़कों पर आकर प्रदर्शन करना पड़ेगा। विदेशों के साथ जो व्यापारिक समझोते भाजपा सरकार कर रही है, उसका विरोध कर रहे है।

किसान संगठन मिलकर करेंगे आंदोलन

किसान नेता ओम प्रकाश हुड्डा ने कहा कि ट्रेड डील का विरोध कर रहे है। किसान संगठनों के साथ मिलकर जल्द आंदोलन किया जाएगा। अगर ट्रेड डील हुई तो किसान खेती करने के लायक ही नहीं बचेगा। सरकार नहीं मानी तो हर रोड़ पर धरना दिया जाएगा।