July 26, 2026
26 july 4
  • 75 साल के बुजुर्ग ने भी रेस लगाई, CM सैनी जीप से उतर दौड़े

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के यमुनानगर में नशे के खिलाफ दौड़ का आयोजन हुआ। 10 किलोमीटर की इस रेस में मेल कैटेगरी में मोहित और फीमेल कैटेगरी में भारती विनर रहीं। दोनों को सीएम सैनी ने स्टेज पर सम्मानित कर एक-एक लाख रुपए का इनाम दिया। रेस में 75 साल के त्रिलोकी नाथ ने भी पार्टिसिपेट किया।

रेस के लिए रविवार सुबह 5 बजे से ही जगाधरी के मटका चौक पर रेस के लिए भारी भीड़ रही। युवाओं को देखकर सीएम सैनी ने भी दौड़ लगा दी। सीएम लोवर- टीशर्ट और स्पोर्ट्स शू में नजर आए। उनके साथ कई वॉलंटियर्स ने भी इवेंट में पार्टिसिपेट किया।

रेस जीतने वाले पहले, दूसरे और तीसरी खिलाड़ी को क्रमश: 1 लाख, 75 हजार, 51 हजार रुपए दिए गए। इस रेस के लिए 1 लाख 13 हजार युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था। जिसमें करीब 38 हजार महिलाएं भी शामिल हुई।

रेस में पैरालिंपियन नवदीप सिंह और बॉक्सर नीरज गोयत भी पहुंचे। मॉर्निंग में सबसे पहले लाइट बीट म्यूजिक पर प्रतिभागियों को जुम्बा कराया गया। इसके बाद करीब पौने सात बजे सीएम ने 10 किलोमीटर की रेस को हरी झंडी दिखाई।

नशे के खिलाफ रनिंग के बारे में जानिए…

यमुनानगर के जगाधरी में सुबह 4 बजे से ही खिलाड़ियों की भीड़ आनी शुरू हो गई थी। आयोजन स्थल पर सबसे पहले प्रतिभागियों को एनर्जी बूस्ट करने के लिए जुम्बा कराया गया। इसके बाद कार्यक्रम में पैरालिंपियन नवदीप सिंह भी पुहंच गए।

सीएम नायब सैनी ने करीब साढ़े 6 बजे हवा में गुब्बारे उड़ाकर इस रेस का शुभारंभ किया। स्टॉर्टिंग पॉइंट से एक साथ हजारों खिलाड़ियों ने रेस शुरू की। इवेंट शुरू होने के बाद सीएम सैनी ने भी अपने सिक्योरिटी स्टॉफ के साथ रनिंग शुरू कर दी। इसके बाद वे खुली जीप में सवार हो गए।

कुछ ही दूर चलने पर सीएम सैनी दोबारा जीप से उतरकर युवाओं के साथ दौड़ने लगे। यमुनानगर डीसी प्रीति का कहना है कि नशा के खिलाफ इस रेस का आयोजन किया गया है। रेस से युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

सीएम ने मेडल पहनाकर सम्मानित किए विनर्स

10 किलोमीटर रेस में मोहित और भारती विनर रहे। स्टेज पर सीएम नायब सैनी ने मेडल पहनाकर उन्हें सम्मानित किया गया। इस दौरान दोनों कैटेगरी में सेकेंड और थर्ड पोजीशन पर रहे खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। सीएम सैनी ने विनर्स का हाथ उठाकर जीत की घोषणा की।

ये हरियाणवी कलाकार हुए शामिल

इस रेस में हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के कलाकार एमडी देसी रॉकस्टार और ‘छोरा मैं हरियाणे का’ फेम सिंगर सत्ति सतविंद्र भी शामिल हुए। सतविंद्र सत्ती ने स्टेज से युवाओं के लिए एक गाना भी डेडिकेट किया। इस दौरान सत्ती अपने देसी लुक धोती-कुर्ता और पगड़ी पहने नजर आए।

पूरे रूट का सौंदर्यीकरण कराया गया

रेस को लेकर प्रशासन ने अंबाला रोड, रेलवे रोड और वर्कशॉप रोड सहित पूरे रूट का सौंदर्यीकरण कराया है। सड़कों की मरम्मत, डिवाइडरों की रंगाई, पौधारोपण, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अतिक्रमण हटाने जैसे कार्य पूरे कर लिए गए हैं। प्रतिभागियों के लिए पेयजल, मोबाइल शौचालय, रिफ्रेशमेंट, प्राथमिक उपचार केंद्र, एंबुलेंस और मेडिकल टीम की व्यवस्था की गई है।

जीतने वाले को एक लाख रुपए का इनाम

मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले महिला व पुरुष प्रतिभागियों को 1 लाख रुपए, द्वितीय को 75 हजार और तृतीय को 51 हजार रुपए दिए जाएंगे। वहीं चौथे से दसवें स्थान तक रहने वाले प्रतिभागियों को 5100 रुपए दिए जाएंगे।