July 26, 2026
26 july 2
  • पानीपत में आयुष्मान कार्ड पर भर्ती थी, परिजन बोले- कागजों पर अस्पताल ने फर्जी साइन किए

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : पानीपत में GT रोड स्थित पार्क हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने महिला का गलत ऑपरेशन कर दिया। इसके बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि एक सड़क एक्सीडेंट में महिला के पैर में फ्रैक्चर हो गया था। 24 जुलाई को परिजन महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे।

आयुष्मान कार्ड होने की वजह से अस्पताल ने तुरंत महिला को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। यहां डॉक्टरों ने पैर की हड्डी जोड़ने के बजाय उनका दिल का ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन करने से पहले परिवार की परमिशन भी नहीं ली गई।

महिला के बेटे ने कहा- इसके लिए मेडिकल स्टाफ ने भर्ती डॉक्यूमेंट में परिवार के खुद ही फर्जी साइन कर दिए। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो अस्पताल प्रबंधन उन्हें धमकी देने लगा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों की शिकायत पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने अस्पताल के डॉक्टरों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये था पूरा मामला

पानीपत के रमेश नगर एरिया निवासी कुलदीप ने बताया कि 24 जुलाई को यूपी के गाजियाबाद में उनकी मां गुड्डी देवी का बाइक से एक्सीडेंट हो गया था। एक्सीडेंट में उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। प्राथमिक इलाज के बाद परिवार ने उन्हें पार्क हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया।

कुलदीप के अनुसार, यहां उन्होंने मेडिकल स्टाफ को मां का आयुष्मान कार्ड दिखाया। उन्हें तुरंत भर्ती कर लिया गया। यहां डॉक्टरों ने बिना उनकी परमिशन के मां का ऑपरेशन भी कर दिया। उनके पैर की हड्डी टूटी थी, मगर ऑपरेशन कर दिल में छल्ला डाल दिया गया। इसी दौरान उनकी मौत हो गई।

कुलदीप का कहना है कि अस्पताल के मेडिकल स्टाफ ने मां के भर्ती डॉक्यूमेंट पर हमारे फर्जी साइन भी कर दिए। जब हॉस्पिटल से इसके बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने धमकी देनी शुरू कर दी। सेक्टर-29 थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी है।

कानपुर से आकर पानीपत बसा परिवार

कुलदीप का कहना है कि वे मूल रूप से यूपी के कानपुर जिले के काशीपुर गांव के रहने वाले हैं। पिछले करीब 15 साल से पानीपत में किराए के मकान में रहते हैं। कुलदीप पानीपत में ही एक फैक्ट्री में ठेकेदारी करते हैं, वहीं उनकी माता गुड्डी देवी भी फैक्ट्री में ही काम करती थी।

बेटा बोला- अस्पताल ने धमकाया

कुलदीप का आरोप है कि मां की मौत के बाद जब अस्पताल स्टाफ से इलाज के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कोई सही जवाब नहीं दिया। इसके बाद अस्पताल का प्रशासन धमकी देने लगा कि ‘तुम्हें जो करना है कर लो, हम पर कोई असर नहीं पड़ेगा’।

SHO बोले- डॉक्टरों के खिलाफ केस दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-29 पुलिस अस्पताल में मौके पर पहुंची। SHO सुभाष ने बताया कि शिकायत के आधार पर पार्क अस्पताल के डॉक्टरों के खिलाफ BNS की धारा 106, 318(4) व 351(2) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आज शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।