July 26, 2026
26 july 1
  • 28 जुलाई से फिर रफ्तार पकड़ेगा मानसून, दो दिन छिटपुट बूंदाबांदी के आसार

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में मानसून की चाल फिलहाल दो दिन के लिए थोड़ी धीमी पड़ गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज प्रदेश के पश्चिमी और मध्य जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा।

हालांकि, उत्तर-पूर्वी जिलों और एनसीआर के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश होने की संभावना है। लेकिन, 27 जुलाई की रात से मौसम बदलेगा और 28 एवं 29 जुलाई से प्रदेश में एक बार फिर मानसून पूरी तरह सक्रिय होगा। कई जिलों में झमाझम बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

आज (रविववार को) पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बौछारें गिर सकती हैं। इसके अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में कुछ स्थानों पर छिटपुट हल्की बारिश की संभावना है।

आगे 3 दिन ऐसा रहेगा मौसम

कल 27 जुलाई को प्रदेश भर में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी रात से मौसम बदलेगा और 28 जुलाई को मानसून रफ्तार पकड़ेगा।

उत्तर और दक्षिण-पूर्वी जिलों में अधिकतर जगहों पर भारी बारिश होगी। 29 जुलाई को मानसून का विकराल रूप देखने को मिलेगा। पूरे प्रदेश में व्यापक बारिश (75-100% इलाकों में) की संभावना है। 28 और 29 जुलाई को उत्तर-पूर्वी जिलों-पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और कैथल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। यहां गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है।

भिवानी में सबसे ज्यादा गर्मी

राज्य में औसतन अधिकतम तापमान में 0.6°C की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य के आसपास बनी हुई है। बीते 24 घंटों के दौरान 35.5°C के साथ भिवानी प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा। वहीं अंबाला में 35.0°C, हिसार में 34.9°C, नारनौल में 34.0°C और चंडीगढ़ में 34.8°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। बारिश रुकने से कई जिलों में उमस और हल्की तपिश बढ़ी है, जो 28 जुलाई से दोबारा बारिश शुरू होते ही गिरेगी।

नारनौल की रातें सबसे ठंडी 

प्रदेश में औसत न्यूनतम तापमान में 0.4°C की मामूली वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.5°C नारनौल में रिकॉर्ड किया गया, जिससे वहां रातें सुहावनी रहीं। भिवानी में न्यूनतम पारा 25.0°C दर्ज हुआ। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान नूंह में 28.4°C और भिवानी में 28.5°C दर्ज किया गया। राज्य के प्रमुख शहरों जैसे रोहतक (27.8°C), हिसार (27.2°C), अंबाला (26.8°C) और करनाल (26.5°C) में रात का तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है।