- कल से उत्तर-पूर्वी जिलों के लिए रेड अलर्ट
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में 3 दिन बाद 27 जुलाई से प्रदेश में मानसून फिर से एक्टिव होगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हालांकि किसी जिले के लिए विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
25 जुलाई से मौसम में बदलाव शुरू होगा और उत्तर और उत्तर-पूर्वी हरियाणा के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना बनेगी। 27 जुलाई को मानसून और अधिक सक्रिय रहेगा, जिसके कारण प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में मानसून ट्रफ श्रीगंगानगर, रोहतक, दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, डाल्टनगंज, दीघा होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिल रही है, जिससे हरियाणा में अगले 4-5 दिन बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।
आज और कल यहां होगी बारिश
24 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में कहीं-कहीं और उत्तर-पूर्वी जिलों में कई स्थानों पर वर्षा हो सकती है। 25 जुलाई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का यलो अलर्ट है। 27 जुलाई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और आसपास के जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इससे निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर जलजमाव की स्थिति बन सकती है।
हरियाणा में अब तक 24% कम बारिश
मानसून सीजन (1 जून से अब तक) के दौरान हरियाणा में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश में अब तक करीब 176 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है, जबकि इस अवधि में लगभग 231 मिमी वर्षा सामान्य मानी जाती है। यानी राज्य में अब भी करीब 24 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों की बारिश से इस कमी में कुछ सुधार हो सकता है।
हिसार में सबसे ज्यादा रहा दिन का पारा
हरियाणा का सबसे अधिक तापमान हिसार में 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद रोहतक में 34.0 डिग्री, सिरसा में 34.4 डिग्री और अंबाला में 33.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहा।
नारनौल में रात का तापमान सबसे कम
प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 23.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हिसार में 26.6 डिग्री, अंबाला में 27.8 डिग्री, करनाल में 27.0 डिग्री और रोहतक में 26.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।