July 23, 2026
23 july 10
  • GMCBL बेड़े में 25 सीटों वाली AC ई-बस शामिल, 3 दिन तक होगा परीक्षण

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) ने शहर के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में पहला कदम उठाया है। GMCBL ने अपने बेड़े में पहली इलेक्ट्रिक बस शामिल की है। 25 सीटों वाली वातानुकूलित यह ई-बस नियमित संचालन से पहले तीन दिनों तक शहर के विभिन्न मार्गों पर परीक्षण से गुजरेगी।

इस दौरान बस के प्रदर्शन, परिचालन क्षमता और यात्री सुविधाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा।

डिजिटल सेवाओं को भी बढ़ावा दिया

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.सी. मीणा ने इस पहल को गुरुग्राम के सार्वजनिक परिवहन के लिए एक ऐतिहासिक शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि GMCBL का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित, आधुनिक और तकनीक-आधारित परिवहन सुविधा प्रदान करना है। इसके तहत इलेक्ट्रिक बसों के साथ डिजिटल सेवाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

पहले चरण में 25 बसें शामिल

योजना के अनुसार, कुल 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। पहले चरण में 25 बसें शामिल की जाएगी, जिसके बाद चरणबद्ध तरीके से शेष ई-बसें शहर की सड़कों पर उतरेंगी। इस कदम से प्रदूषण में कमी आने के साथ-साथ यात्रियों को आरामदायक और बेहतर यात्रा का विकल्प मिलेगा।

प्रत्येक यात्रा पर 2 प्रतिशत किराए की छूट

यात्रियों की सुविधा के लिए GMCBL ने नए ‘लूप कार्ड’ का परीक्षण भी शुरू किया है। सफल परीक्षण के बाद इसे जल्द लॉन्च किया जाएगा। यह प्रीपेड कार्ड 100 रुपए के शुरुआती भुगतान पर मिलेगा, जिसकी पूरी राशि किराए के भुगतान में उपयोग की जा सकेगी।

प्रत्येक यात्रा पर 2 प्रतिशत किराए की छूट और ऑनलाइन रिचार्ज की सुविधा भी इसमें उपलब्ध होगी। पुराने स्मार्ट कार्ड धारक अपनी शेष राशि नए लूप कार्ड में स्थानांतरित करा सकेंगे।

कंडक्टरों को स्मार्ट पीओएस मशीनें उपलब्ध

सभी बसों में अब किसी भी यूपीआई प्लेटफॉर्म से किराया भुगतान की सुविधा शुरू कर दी गई है। सभी कंडक्टरों को स्मार्ट पीओएस मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनके माध्यम से यात्री बस में ही सुरक्षित और कैशलेस भुगतान कर सकते हैं।

पी.सी. मीणा ने बताया कि वर्तमान में लगभग 28 प्रतिशत किराया डिजिटल माध्यम से प्राप्त हो रहा है और भविष्य में इसे और बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इलेक्ट्रिक बसें, स्मार्ट टिकटिंग और डिजिटल भुगतान जैसी पहलें गुरुग्राम को आधुनिक, स्मार्ट और यात्री-केंद्रित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की ओर तेजी से आगे बढ़ाएंगी।