July 18, 2026
18 july 17
  • बोले- सुरक्षा मानकों में ढील बर्दाश्त नहीं

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  सोनीपत में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। पुलिस आयुक्त ममता सिंह के मार्गदर्शन में एक महत्वपूर्ण सुरक्षा बैठक का आयोजन किया गया। सहायक पुलिस आयुक्त (शहर-1) अमित धनखड़ ने थाना सदर सोनीपत क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों के साथ गोष्ठी की और सुरक्षा को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में ACP अमित धनखड़ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना नंबर प्लेट वाले किसी भी वाहन को पेट्रोल या डीजल न दिया जाए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप संवेदनशील सार्वजनिक स्थान हैं, इसलिए यहां सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश

ACP ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया कि पंप पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे सक्रिय रहें और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए। इसके अतिरिक्त, पंप पर कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी का समय-समय पर पुलिस सत्यापन (वेरिफिकेशन) कराना अनिवार्य होगा। नकदी के लेन-देन में विशेष सावधानी बरतने और भारी नकदी को बैंक में जमा कराते समय सुरक्षा उपायों का खास ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

एसीपी बोले- आपसी तालमेल से ही अपराधों पर अंकुश संभव

सहायक पुलिस आयुक्त अमित धनखड़ ने कहा कि पुलिस और जनता के आपसी तालमेल से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने जनता की सजगता को बड़े हादसों को टालने में महत्वपूर्ण बताया। गोष्ठी में थाना सदर के प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी भी इस दौरान मौजूद रहे। इस दौरान सदर थाना प्रभारी ने संचालकों से अपील की कि यदि पेट्रोल पंप के आसपास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वाहन या असामान्य गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत संबंधित थाना पुलिस या डायल 112 पर सूचना दें। गोष्ठी के अंत में, सभी पेट्रोल पंप संचालकों ने पुलिस प्रशासन द्वारा दिए गए इन सुरक्षा निर्देशों की सराहना की और पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।