July 15, 2026
15 july 25
  • 4 इंच का वैकल्पिक कनेक्शन मिलेगा

हरियाणा ब्रेेकिंग न्यूज : हांसी के निकटवर्ती गांव चैनत में पेयजल संकट और टी-कनेक्शन की मांग को लेकर पिछले 61 दिनों से चला आ रहा आंदोलन आखिरकार बुधवार को खत्म होने की कगार पर पहुंच गया। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की मौजूदगी में सरकार और धरना समिति के बीच 4 इंच के वैकल्पिक टी-कनेक्शन पर सहमति बन गई है। इस सकारात्मक फैसले के बाद ग्रामीणों में खुशी की लहर है और लंबे समय से जारी यह विवाद अब पूरी तरह सुलझ गया है।

बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने समझौते की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ग्रामीणों को पेयजल संकट नहीं होने देगी। इसके लिए दोतरफा व्यवस्था की गई है। ग्रामीणों को पहले की तरह ही मौजूदा जल वितरण प्रणाली से पानी की सप्लाई मिलती रहेगी।

4 इंच का नया टी-कनेक्शन

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि हांसी शहर के लिए बिछाई जा रही मुख्य पाइपलाइन में गांव के लिए 4 इंच का एक वैकल्पिक टी-कनेक्शन (कट) दिया जाएगा। भविष्य में जब भी गांव में पानी की किल्लत होगी या जरूरत बढ़ेगी, इस टी-कनेक्शन को खोलकर ग्रामीणों को तुरंत पानी उपलब्ध करा दिया जाएगा।

धरना कमेटी बोली- ग्रामीणों की जीत हुई

वहीं धरना कमेटी सदस्य अनूप और सत्यवान (पूर्व सरपंच, चैनत) ने बताया कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा दिए गए इस ठोस आश्वासन से ग्रामीणों की जीत हुई है। सरकार के सकारात्मक रुख के बाद हम जल्द ही गांव के लोगों की एक बैठक बुलाएंगे, जिसमें पिछले 61 दिनों से चल रहे धरने को विधिवत रूप से समाप्त करने का फैसला लिया जाएगा।

61 दिनों तक चला आंदोलन

बता दें कि गांव चैनत के ग्रामीण अपनी मांग को लेकर पिछले 2 महीनों से लगातार धरने पर बैठे थे। इस आंदोलन को धार देने के लिए ग्रामीणों ने कई चरणों में रणनीति बदली। मांग पूरी न होने पर ग्रामीणों ने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की। आंदोलन को बड़ा रूप देने के लिए आसपास के गांवों को जोड़कर महापंचायतें की गईं।

राजनीतिक स्तर पर दबाव बनाने के लिए कई दौर की बैठकें हुईं। आखिरकार बुधवार को केंद्रीय मंत्री खट्टर की मध्यस्थता में हुई इस बैठक के बाद आंदोलन का एक सुखद और शांतिपूर्ण समाधान निकल आया है।