- मंत्री मनोहर लाल-CM सैनी के पहुंचने की उम्मीद, दोपहर 12 बजे होगी अंत्येष्टि
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा से पूर्व राज्यसभा सांसद और एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा के पिता नंद किशोर गोयनका का आज अग्रोहा में अंतिम संस्कार होगा। उनका सोमवार को मुंबई में निधन हो गया था। वे 96 वर्ष के थे और पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनकी अंत्येष्टि पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री नायब सैनी, मंत्री रणबीर गंगवा सहित कई बड़ी हस्तियां शामिल हो सकती है।
दोपहर 12 बजे अग्रोहा स्थित गोयनका उद्यान में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। कल मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनों के लिए हिसार उनके पैतृक आवास मोहना मंडी में रखा गया था। उनके अंतिम दर्शनों को योग गुरु बाबा रामदेव, विश्व हिंदू परिषद के नेता, विधायक चंद्रप्रकाश सहित कई लोग पहुंचे थे।
आदमपुर में आढ़त की दुकान चलाते थे
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत आदमपुर अनाज मंडी से की थी, जहां वे आढ़ती के रूप में अनाज की खरीद-फरोख्त और कमीशन एजेंसी का काम करते थे। इसके साथ ही वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से भी लंबे समय तक जुड़े रहे और संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
अग्रोहा धाम के विकास में अहम भूमिका
वैश्य समाज के नेता और गोयनका परिवार के करीबी बजरंग दास गर्ग ने बताया कि नंद किशोर गोयनका अग्रोहा धाम के प्रमुख संस्थापकों में से एक थे। वैश्य समाज के संरक्षक के रूप में उन्होंने हिसार और पूरे हरियाणा की कई सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया।
संघर्ष के दिनों में बेटे सुभाष ने छोड़ी थी पढ़ाई
नंद किशोर गोयनका का हिसार की मोहना मंडी में पैतृक आवास है, जहां से उनके पारिवारिक बिजनेस की नींव पड़ी थी। एक समय जब परिवार पर भारी आर्थिक संकट आया, तो उनके सबसे बड़े बेटे डॉ. सुभाष चंद्रा ने बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी और पिता के साथ कारोबार में हाथ बंटाना शुरू किया।
नंद किशोर ने ही सुभाष चंद्रा को व्यापार की बारीकियां सिखाई थीं, जिसके बाद उन्होंने देश के बड़े मीडिया और बिजनेस एंपायर (एस्सेल ग्रुप) की स्थापना की।