July 15, 2026
15 july 4
  • खेल सुविधाओं का डेटा नहीं किया अपलोड, 7 दिन की मोहलत

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :

हरियाणा के सरकारी हाई और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में खेल सुविधाओं का ऑनलाइन रिकॉर्ड तैयार करने की कवायद अभी अधूरी है। प्रदेश के 393 सरकारी स्कूलों ने अब तक स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर पोर्टल पर अपनी जानकारी अपलोड नहीं की है। इनमें 151 हाई स्कूल और 242 वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल शामिल हैं।

सबसे ज्यादा लापरवाही हिसार जिले में सामने आई है, जहां 105 स्कूलों का डेटा अभी तक पोर्टल पर नहीं पहुंचा। इसके बाद चरखी दादरी (91) और भिवानी (69) का स्थान है। वहीं पानीपत में केवल एक, जबकि जींद, कैथल और नूंह में सिर्फ दो-दो स्कूलों का डेटा लंबित है।

विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधिकार क्षेत्र के सभी सरकारी हाई और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों से 20 जुलाई तक अनिवार्य रूप से डेटा अपलोड कराएं। जिन स्कूलों ने पहले ही जानकारी जमा कर दी है, वे भी अब पोर्टल पर लॉग-इन कर आवश्यक सुधार और अपडेट कर सकेंगे।

वास्तविक स्थिति जान रहा विभाग
प्रदेश में खेल सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए शिक्षा विभाग सभी सरकारी स्कूलों से मैदान, खेल उपकरण, कोर्ट, ट्रैक और अन्य खेल संसाधनों की ऑनलाइन मैपिंग करा रहा है। लेकिन कई जिलों में अभी भी स्कूलों ने जानकारी अपलोड नहीं की है। ऐसे में विभाग ने एक सप्ताह का अतिरिक्त समय देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि 20 जुलाई के बाद किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

रिपोर्ट में मिली बड़ी खामी

विभाग ने यह भी पाया कि कई स्कूलों ने अंतिम सबमिशन के दौरान सिविल स्ट्रक्चर से संबंधित मदों का चयन नहीं किया। ऐसे स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे रिपोर्ट का सत्यापन करें और यदि संबंधित विवरण दिखाई नहीं दे रहा है तो संशोधित रिपोर्ट दोबारा अपलोड करें।

हेल्पडेस्क भी रहेगा उपलब्ध

तकनीकी समस्या आने पर स्कूलों के प्रभारी 0172-5049801 हेल्पडेस्क पर कार्यदिवसों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकेंगे। संपर्क करते समय संबंधित स्कूल कोड तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।