- 39°C के साथ भिवानी सबसे गर्म
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के नौ जिलों में आज सोमवार को बारिश होने की संभावना है। इनमें पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत और जींद शामिल है। हालांकि मानसून कमजोर पड़ने के कारण प्रदेश में 18 जुलाई तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके बाद भी इन जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं। रविवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में पिछले दिन की तुलना में औसतन अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान भिवानी में 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
भिवानी रहा सबसे गर्म
महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा। वहीं महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रोहतक में 38.6 डिग्री, गुरुग्राम में 35.4 डिग्री, फरीदाबाद में 37 डिग्री, हिसार में 37 डिग्री, भिवानी में 39 डिग्री और सिरसा में 38.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
15 जुलाई तक बदलेगा मौसम
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग विभागाध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने बताया कि 15 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने व बीच बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है।
इस दौरान राज्य के उत्तरी जिलों में बीच बीच में हवाओं व गरज-चमक के साथ कहीं कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है, परंतु दक्षिणी व पश्चिमी जिलों में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट या हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान हवाओं में बदलाव की संभावना है। जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी तथा वातावरण में नमी में कमी आने की संभावना है।