- गुरुग्राम में जाम, पानीपत में काली घटा छाई
हरियाणा में मंगलवार सुबह कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत और यमुनानगर में बारिश हुई। करनाल और पानीपत में सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे, जबकि दोपहर बाद यमुनानगर, फरीदाबाद, रेवाड़ी, नूंह और गुरुग्राम में तेज बारिश शुरू हो गई। करनाल और सोनीपत में कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। गुरुग्राम में नेशनल हाईवे-48 पर जाम लग गया।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने अगले 3 घंटों में 20 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 11 जुलाई तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा।
न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। मंगलवार को प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस गुरुग्राम और भिवानी में रिकॉर्ड किया गया, जबकि कई जिलों में रात का पारा 29 डिग्री के करीब रहा।
करनाल में मक्के की फसल बही
करनाल में मंगलवार को हुई बारिश के चलते सेक्टर-7, बस स्टैंड, सेक्टर-13, रेलवे रोड और दुपट्टा मार्केट की सड़कों पर पानी भर गया। घरौंडा अनाज मंडी भी जलभराव की चपेट में आ गई। मंडी में सुखाने के लिए रखी किसानों की मक्के की फसल बारिश के पानी में बह गई, जबकि कई जगह अनाज की ढेरियां भी भीग गईं।
गुरुग्राम में बारिश से जाम लगा
गुरुग्राम में दोपहर बाद तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश में ट्रैफिक स्लो होने से नेशनल हाईवे-48 पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। इसके साथ ही सोहना चौक पर भी हैवी ट्रैफिक रहा। कई बाइक सवार फ्लाईओवर के नीचे खड़े रहे, जिससे जाम लग गया।
पानीपत में काली घटा, सुबह से बारिश
दिल्ली-चंडीगढ़ बेल्ट में बारिश का असर दिखाई दिया। सुबह से ही सोनीपत, पानीपत और करनाल में तेज बारिश हुई। पानीपत में दोपहर तक काली घटाएं छाई रहीं। वहीं दोपहर साढ़े 3 बजे तक भी बारिश जारी रही। इस दौरान हरिद्वार बाईपास रोड पर जलभराव हो गया।
हरियाणा के 20 जिलों में अगले 3 घंटे अलर्ट
हिसार स्थित कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय ने मंगलवार दोपहर 2:35 बजे मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। अगले तीन घंटों के दौरान नूंह, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर जिलों में कई स्थानों पर तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
एक्सपर्ट बोले-राजस्थान में कम दवाब का क्षेत्र बना
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने भी 10 जुलाई तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार मानसून ट्रफ हिसार और बठिंडा तक बनी हुई है।
जबकि अरब सागर में बन रहे डिप्रेशन और राजस्थान पर विकसित हो रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। इससे राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बीच-बीच में गरज-चमक, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। बारिश से दिन के तापमान में गिरावट और वातावरण में नमी बढ़ेगी।