- तापमान में आएगी गिरावट, कई इलाकों में बूंदाबांदी के आसार
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज मंगलवार को प्रदेश के 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल शामिल हैं।
आईएमडी के अनुसार हरियाणा के बाकि इलाकों में 50 प्रतिशत तक बारिश के चांस बन रहे हैं। आज से मानसून और एक्टिव होने की उम्मीद है। इसके कारण कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत में कई स्थानों पर, जबकि झज्जर, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
वहीं आने वाले दिनों में भी मौसम इसी प्रकार बना रहेगा। 8, 9, 10 और 11 जुलाई को भी बारिश का यही सिलसिला जारी रहने की संभावना है। जुलाई में अब तक मानसून हरियाणा में कम सक्रिय रहा है इसके आगे बढ़ने की उम्मीद है।
एक्सपर्ट बोले-राजस्थान में कम दवाब का क्षेत्र बना
उधर, चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने भी 10 जुलाई तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार मानसून ट्रफ हिसार और भटिंडा तक बनी हुई है।
जबकि अरब सागर में बन रहे डिप्रेशन और राजस्थान पर विकसित हो रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। इससे राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बीच-बीच में गरज-चमक, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। बारिश से दिन के तापमान में गिरावट और वातावरण में नमी बढ़ेगी।
कल गुरुग्राम और जींद में हुई सबसे ज्यादा बारिश
सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक गुरुग्राम में 34.5 मिमी, करनाल में 16 मिमी, हिसार के बालसमंद में 31 मिमी, जींद में 26.5 मिमी, चंडीगढ़ में 9.8 मिमी, चरखी दादरी में 9 मिमी, कैथल में 8.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
सिरसा सबसे ज्यादा गर्म रहा
हरियाणा में सोमवार को अधिकतम तापमान में औसतन 0.1 डिग्री सेल्सियस की हल्की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश का सबसे अधिक तापमान सिरसा में 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा हिसार में 38.2, पलवल में 38.4, नूंह में 38.0 और अंबाला में 36.8 डिग्री तापमान रहा।
मौसम विभाग के अनुसार बादल और बारिश की गतिविधियां बढ़ने से अगले कुछ दिनों में दिन के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
गुरुग्राम में सबसे कम तापमान
प्रदेश में रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। रोहतक में 28.2, हिसार में 28.2, करनाल में 26.8, नारनौल में 26.5 और भिवानी में 26.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग का कहना है कि लगातार बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण रात के तापमान में भी सामान्य से नीचे रहने की संभावना बनी रहेगी।