July 6, 2026
6 july 18
  • 15 जिलों में अलर्ट, 11 जुलाई तक खराब रहेगा मौसम

हरियाणा  ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार को सोनीपत और पंचकूला में बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के मुताबिक शाम साढ़े 4 बजे तक भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद में बारिश की संभावना है।

11 जुलाई तक लगातार बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। पिछले 24 घंटों में हरियाणा में औसतन 0.8 मिमी बारिश हुई। सोमवार सुबह सबसे कम न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस गुरुग्राम में दर्ज किया गया। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहा और पिछले दिन की तुलना में इसमें कोई खास बदलाव दर्ज नहीं किया गया।

सिरसा रहा सबसे गर्म

प्रदेश में रविवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान सिरसा में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 38.9 डिग्री, अंबाला में 39.2 डिग्री, चंडीगढ़ में 37.9 डिग्री, फतेहाबाद में 36.8 डिग्री, भिवानी में 36.4 डिग्री, रोहतक में 35.7 डिग्री, करनाल में 34.8 डिग्री और गुरुग्राम में 34.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

बारिश किसानों के लिए फायदेमंद

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सक्रिय मानसून खरीफ फसलों के लिए राहत लेकर आया है। धान, बाजरा, कपास समेत अन्य फसलों की बुवाई और बढ़वार के लिए यह बारिश काफी लाभदायक मानी जा रही है। हालांकि जिन इलाकों में भारी बारिश की संभावना है, वहां खेतों में पानी भरने का खतरा भी रहेगा। ऐसे में किसानों को समय पर जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी गई है।

पूरे हफ्ते बदला रहेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार अगले एक हफ्ते तक प्रदेश में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा जारी मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।