- PHED ने अधिकारियों को चेताया, पोर्टल लॉगिन सुरक्षा पर बढ़ाई सख्ती
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत संविदा कर्मचारियों की जॉब सिक्योरिटी से जुड़े आवेदनों में अनियमितताएं मिलने पर सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने कहा है कि आवेदन बिना सही सत्यापन के भेजे जा रहे हैं और कई मामलों में पोर्टल लॉगिन का दुरुपयोग भी सामने आया है।
विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जॉब सिक्योरिटी के लिए प्राप्त आवेदनों का सत्यापन कर उन्हें वित्त विभाग को भेजने की प्रक्रिया चल रही है। इस दौरान पाया गया कि कई डीडीओ (DDO) ने दस्तावेजों का सही तरीके से सत्यापन किए बिना आवेदन आगे भेज दिए, जिससे बड़ी संख्या में विसंगतियां सामने आई हैं।
पोर्टल लॉगिन के दुरुपयोग पर भी चिंता
विभाग ने आदेश में कहा कि कुछ स्थानों पर अधिकारियों ने पोर्टल का लॉगिन और पासवर्ड अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को दे रखा है। इससे पोर्टल के दुरुपयोग की आशंका बनी है, जिसे गंभीर मामला मानते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने दिए ये तीन बड़े निर्देश
जॉब सिक्योरिटी पोर्टल का लॉगिन पासवर्ड तुरंत बदलकर गोपनीय रखा जाए। जिन आवेदनों पर विभाग ने आपत्तियां लगाई हैं, उन्हें दूर करने के बाद ही दोबारा भेजा जाए। सभी आपत्तियों का लिखित जवाब आधिकारिक रूप से विभाग को भी भेजना अनिवार्य होगा।
क्यों अहम आदेश
HKRN के तहत संविदा कर्मचारियों की जॉब सिक्योरिटी प्रक्रिया सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे में सत्यापन में लापरवाही या पोर्टल के दुरुपयोग से पात्र कर्मचारियों की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। विभाग ने सभी अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।