July 4, 2026
4 july 4
  •  आयोग ने बताया कैसे होगा सुधार

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं।

इसे लेकर निर्वाचन विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि ऐसा क्यों हुआ, इसे कैसे सुधारा जा सकता है और मतदान केंद्र बदलने के लिए कब से आवेदन किए जा सकेंगे। साथ ही मतदाताओं के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।

सवाल: एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर क्यों दर्ज हैं?

जवाब: SIR-2026 के दौरान ऐसे कई मामले सामने आए हैं। इसकी मुख्य वजह यह है कि कई सेक्टर या कॉलोनियों में एक ही भवन में 2 अलग-अलग मतदान केंद्र (सेक्शन) बनाए गए हैं। फॉर्म-6 अलग-अलग BLO के पास जमा होने से परिवार के सदस्य अलग-अलग बूथों पर दर्ज हो गए।

सवाल: क्या इससे मतदाता सूची में कोई गड़बड़ी मानी जाएगी?

जवाब: नहीं। यह प्रशासनिक कारणों से हुआ है। सभी मतदाता अपने-अपने संबंधित मतदान केंद्र पर वैध रूप से पंजीकृत हैं।

सवाल: BLO की क्या भूमिका होगी?

जवाब: BLO अपने क्षेत्र के मतदाताओं को गणना प्रपत्र देंगे, उसे भरवाकर वापस लेंगे और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उसका डिजिटाइजेशन करेंगे।

सवाल: क्या सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरना होगा?

जवाब: हां। सभी पात्र मतदाताओं को अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित BLO को देना होगा।

सवाल: अगर परिवार चाहता है कि सभी सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र पर हो तो क्या करना होगा?

जवाब: प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद दावे एवं आपत्तियों की अवधि में फॉर्म-8 भरकर मतदान केंद्र बदलने का आवेदन करना होगा।

सवाल: फॉर्म-8 कब भरा जा सकेगा?

जवाब: 21 जुलाई 2026 से 20 अगस्त 2026 तक फॉर्म-8 के माध्यम से मतदान केंद्र बदलने के लिए आवेदन किया जा सकेगा।

सवाल: नए मतदाता क्या सावधानी रखें?

जवाब: फॉर्म-6 भरते समय परिवार के पहले से पंजीकृत सदस्य का विवरण सही-सही दर्ज करें और उसी मतदान केंद्र के BLO के पास आवेदन जमा करें।

सवाल: मतदाता सूची जारी होने के बाद क्या करना चाहिए?

जवाब: सभी मतदाता अपने नाम और अन्य विवरण की जांच जरूर करें। यदि परिवार के सदस्य अलग-अलग बूथों पर दर्ज हैं और उन्हें एक ही बूथ पर स्थानांतरित कराना है, तो तय अवधि में फॉर्म-8 भरें।

सवाल: किसी तरह की जानकारी या सहायता कहां मिलेगी?

जवाब: मतदाता अपने क्षेत्र के BLO, ECINET App के Book a Call फीचर या टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।