- तीसरी बार मिला मौका
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि तीसरी बार बढ़ा दी गई है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए, बीबीए जैसे पाठ्यक्रमों में आवेदन की अंतिम तिथि अब 12 जुलाई तक निर्धारित की है। इससे पहले, आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई थी, जिसे बढ़ाकर 15 जून किया गया था। बाद में इसे दूसरी बार 30 जून तक बढ़ाया गया और अब यह 12 जुलाई तक मान्य है। इस विस्तार से उन विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन नहीं कर पाए थे। उन्हें अब प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।
मेरिट सूची, दस्तावेज सत्यापन, फीस जमा कराने तथा अन्य प्रवेश संबंधी गतिविधियों की नई तिथियों की घोषणा की जाएगी
राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय, झज्जर के जनसंचार विभागाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी डॉ. अमित भारद्वाज ने विद्यार्थियों से बढ़ी हुई समयावधि का लाभ उठाते हुए जल्द से जल्द अपना आवेदन करने का आग्रह किया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए संशोधित प्रवेश कार्यक्रम शीघ्र ही जारी किया जाएगा। इसमें मेरिट सूची, दस्तावेज सत्यापन, फीस जमा कराने तथा अन्य प्रवेश संबंधी गतिविधियों की नई तिथियों की घोषणा की जाएगी। डॉ. अमित भारद्वाज ने यह भी कहा कि आवेदन तिथि बढ़ाए जाने से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को महाविद्यालयों में प्रवेश लेने का अवसर प्राप्त होगा। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट और नोटिसों को नियमित रूप से देखते रहें।