- चंडीगढ़ में स्टोर कैशियर की हत्या का विरोध, सुरक्षा की मांग
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :
चंडीगढ़ में एक केमिस्ट स्टोर के कैशियर जानकी दास की हत्या के विरोध में गुरुग्राम केमिस्ट एंड ड्रग एसोसिएशन द्वारा अनोखे तरीके से विरोध किया जा रहा है। आज शहर के सभी केमिस्ट अपनी दुकानों पर काले कपड़े पहनकर काम करेंगे और सरकार व प्रशासन के सामने अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष शरद मल्होत्रा ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में जानकी दास की हत्या एक बेहद कायरतापूर्ण और जघन्य अपराध है। इस घटना से पूरे हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में भी दवा व्यापारियों में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है।
दवा स्टोर खुले रहेंगे
उन्होंने बताया कि आज के इस मूक प्रदर्शन के दौरान गुरुग्राम में सभी दवा दुकानें खुली रहेंगी ताकि आम जनता को दवाइयों के लिए परेशान न होना पड़े, लेकिन सभी दुकानदार और कर्मचारी काली पोशाक या काली पट्टी बांधकर अपना विरोध जता रहे हैं।
हम सभी केमिस्ट एकजुट होकर इस क्रूर कृत्य का कड़ा विरोध करते हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर सख्त सजा देने की मांग की। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही केमिस्टों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो एसोसिएशन अपने आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होगी।
सरकार से की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
एसोसिएशन ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से केमिस्टों की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। दवा व्यापारियों का कहना है कि केमिस्ट स्टोर अक्सर देर रात तक खुले रहते हैं, जिससे वे अपराधियों के आसान निशाने पर आ जाते हैं। दवा व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि केमिस्टों की दुकानों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और बाजारों में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों को रोका जा सके।