- डीडीपीओ को सौंपा ज्ञापन, कमेटी बनाने की मांग
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : रोहतक के प्राइवेट स्कूलों में NCERT की बजाय प्राइवेट प्रकाशकों की किताब लगाने को लेकर योद्धा ग्रुप ने विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही डीडीपीओ के माध्यम से सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा और प्राइवेट स्कूलों पर नकेल कसने के लिए कमेटी बनाने की मांग की। योद्धा ग्रुप के अध्यक्ष निश्चय नरवाल ने बताया कि प्राइवेट स्कूलों में प्राइवेट प्रकाशकों की किताबों के उपयोग पर लगातार शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही। साथ ही निरीक्षण टीम का गठन करके कानूनी कार्रवाई नहीं कर रहे, जिसके कारण गरीब घरों के बच्चों को महंगी शिक्षा का बोझ उठाना पड़ रहा है।
प्राइवेट प्रकाशकों की लगा रहे किताब
निश्चय नरवाल ने बताया कि जिले के अनेक प्राइवेट स्कूलों में निरधरित मानकों के विपरीत प्राइवेट निजी प्रकाशकों की किताबों का उपयोग लगातार किया जा रहा है। इस विषय में शिक्षा मंत्री व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायत की है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
अभिभावकों पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ
निश्चय नरवाल ने बताया कि अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता व समानता प्रभावित हो रही है। छात्र को अनावश्यक रूप से भारी बैग ढोने पड़ रहे है, जबकि नियमानुसार स्कूल में NCERT, SCERT Books पढ़ाई जानी चाहिए व स्कूलों द्वारा स्कूल वेबसाइट पर स्कूल में पढ़ाई जाने वाली बुक्स का पूरा रिकॉर्ड अपलोड करना होता है, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा।
शिक्षा विभाग की निरीक्षण टीम करे कार्रवाई
निश्चय नरवाल ने बताया कि इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए शिक्षा विभाग को एक समिति का गठन करना चाहिए, जो प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर रोक लगाए। इस कमेटी में YODHA Group के 2 सदस्यों को भी शामिल करना चाहिए, ताकि प्राइवेट स्कूलों की जमीनी स्तर पर हकीकत को उजागर किया जा सके।
जुलाई में एक सप्ताह बाद कार्रवाई न होने पर देंगे धरना
निश्चय नरवाल ने कहा कि स्कूल की छुट्टी खत्म होने के बाद जुलाई में एक सप्ताह का इंतजार किया जाएगा। इसके बाद भी अगर विभाग की तरफ से कार्रवाई नहीं होती है तो डीसी ऑफिस पर धरना दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं सरकार व प्रशासन की होगी।