September 16, 2026
7 june 6
  • लापरवाही पर SHO सस्पेंड, 3 पुलिसकर्मी बदले

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : पंचकूला के पिंजौर में हुए व्यापारी जितेश मनोचा हत्याकांड में शनिवार को पुलिस ने चारों आरोपियों की परेड निकाली। आरोपियों का सिर मुंडवाने के बाद उन्हें बाजार में घुमाया गया। इस दौरान चारों लंगड़ाकर चलते हुए नजर आए।

वहीं, DCP सृष्टि गुप्ता ने लापरवाही पाए जाने पर शनिवार को पिंजौर थाना SHO इंस्पेक्टर बच्चू सिंह को सस्पेंड कर दिया। इनकी जगह, इंस्पेक्टर राजेश को SHO लगाया गया है।

यहीं नहीं, पिंजौर थाने में तैनात PSI कमलजीत, SI राजबीर और ASI विक्रमजीत को बदल दिया। इनकी जगह ASI कप्तान, SI सिंहराज और ASI गुरबच्चन सिंह को पोस्टिंग दी गई है।

जितेश की दुकान के सामने गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए झगड़े में हत्या हुई थी। एक महीना पहले जितेश ने खुशदीप की पिटाई की थी। एक दिन पहले शुक्रवार को खुशदीप ने इसी रंजिश में अपने साथियों के साथ मिलकर जितेश पर हमला किया।

DCP सृष्टि गुप्ता ने कहा कि जिला पुलिस लोगों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर काम कर रही है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस बल में समय-समय पर आवश्यक प्रशासनिक बदलाव किए जाते हैं। इसी कारण ये कार्रवाई हुई। अभी और एक्शन लिया जाएगा।

तीन पॉइंट में जानिए कैसे हुई जितेश की हत्या…

काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठे थे

जितेश मनोचा अपने पिता गुरचरण सिंह के साथ कपड़ों की दुकान संभालते थे। वह अविवाहित थे। शुक्रवार को वह अपनी दुकान के सामने खड़ी दोस्त मोहित की काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठे हुए थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे। एक युवक ने ड्राइवर सीट पर बैठे जितेश का गेट खोला और उन्हें जबरन बाहर खींच लिया। बाहर निकलते ही आरोपियों ने उनके सिर पर डंडे से वार कर दिया। डंडा लगते ही जितेश जमीन पर गिर पड़े।

सिर पर डंडे मारता रहा युवक

हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ डंडों से हमला शुरू कर दिया। मोहित दूसरी साइड से निकलकर भाग गया। इसी दौरान एक युवक ने जितेश पर चाकू से भी वार किया। लगातार हमले के कारण जितेश बेसुध होकर जमीन पर गिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जितेश के बेसुध होने के बाद भी काली शर्ट पहने एक युवक उनके सिर पर डंडे से वार करता रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

जितेश के पिता आरोपियों के पीछे भी दौड़े, लेकिन वे निकल गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल जितेश को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।