- सुदर्शन को पर्याप्त मौका देंगे
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : इंडियन क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर ने संकेत दिया कि मोहाली में न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम में कल से शुरू होने वाले भारत-अफगानिस्तान टेस्ट मैच में साई सुदर्शन भी खेल सकते हैं। वह देवदत्त पडिक्कल की जगह तीसरे नंबर पर बैटिंग के लिए आ सकते हैं। गंभीर ने स्टेडियम में मीडिया से बातचीत में ऋषभ पंत को उप कप्तानी से हटाने को लेकर सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा।
गंभीर ने इतना जरूर कहा- हम ऋषभ पंत में बदलाव नहीं चाहते, लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में खिलाड़ियों को मैच की परिस्थितियों का सम्मान करना जरूरी है। पंत की जगह केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है।
वहीं कल होने वाले मैच के लिए दोनों टीमें चंडीगढ़ पहुंच चुकी हैं। पिछले 3 दिन से वह प्रैक्टिस में जुटी हैं। इस दौरान गौतम गंभीर ने दो टूक कहा कि मेरी जवाबदेही सोशल मीडिया की तरफ नहीं बल्कि ड्रेसिंग रूम में बैठे उन 30 खिलाड़ियों के प्रति है, जिनके साथ मैं पूरी ईमानदारी से काम करता हूं। मैं सोशल मीडिया की आलोचना और तारीफों की तरफ ध्यान नहीं देता।
कोई बहाना नहीं चलेगा, सिर्फ जीत ही लक्ष्य
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच को लेकर गंभीर ने सख्त तेवर दिखाए। गंभीर ने स्पष्ट कहा कि भले ही यह मैच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं है, मगर टीम इंडिया मैदान पर सिर्फ और सिर्फ जीत के लिए से उतरेगी। इसमें किसी तरह का कोई बहाना नहीं चलेगा। हम समझते हैं कि आईपीएल के ठीक बाद टेस्ट मैच शुरू हो गया, हमें टेस्ट मैचों के लिए बेहतर तैयारी करने की जरूरत है। टेस्ट मैच मानसिक दृढ़ता का खेल है।
सुदर्शन को पर्याप्त मौके नहीं मिले
साई सुदर्शन को अभी तक पर्याप्त और सही मौके नहीं मिले हैं। वे मुख्य रूप से इंग्लैंड की मुश्किल परिस्थितियों में खेले। आईपीएल में उन्होंने 700 रन बनाए हैं, इसलिए महज 4-5 मैचों के आधार पर हम उनका आकलन नहीं कर सकते। हम उन्हें टीम में लंबा मौका देंगे।
पंत को लेकर कहा- दबाव नहीं डालेंगे
ऋषभ पंत को लेकर गंभीर ने कहा कि वह बैट्समैन के साथ हैं लेकिन उन्हें खेल की स्थिति को बेहतर ढंग से समझना होगा। अनुभवी खिलाड़ियों को परिस्थिति के हिसाब से खेल को बदलना चाहिए। टीम में वापसी करने वाले खिलाड़ियों पर परफॉर्मेंस को लेकर कोई अतिरिक्त दबाव नहीं डाला जाएगा। उन्हें धीरे-धीरे अपनी लय हासिल करने का पूरा मौका व टाइम दिया जाएगा।
श्रीलंका दौरे के लिए 4 स्पिनर्स की तैयारी
गौतम गंभीर ने भविष्य की रणनीति को लेकर कहा कि अगस्त में होने वाले श्रीलंका दौरे में 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारत 4 स्पिनर्स तैयार कर रहा है। इसमें मानव सुथार और हर्ष दुबे जैसे युवा स्पिनर्स भी कतार में हैं। मानव और हर्ष कुछ हद तक एक जैसे खिलाड़ी हैं, लेकिन उनके गेंद फेंकने के तरीके में कुछ अंतर भी हैं। इस मैच से हमें अपना चौथा स्पिनर तैयार करने में मदद मिलेगी क्योंकि हम श्रीलंका में चार स्पिनर लेकर जाएंगे। टीम बैकअप विकल्प मजबूत करना चाहती है।
6 से 10 जून तक खेला जाएगा भारत-अफगानिस्तान टेस्ट
भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 से 10 जून तक टेस्ट मैच खेला जाएगा। न्यू चंडीगढ़ स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह पीसीए स्टेडियम पहली बार किसी टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा। इसके साथ ही यह भारत का 31वां और पंजाब का तीसरा टेस्ट वेन्यू बन जाएगा। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है।
250 रुपए से शुरू होगी टिकट
पीसीए ने मैच के टिकट 250 रुपए से शुरू रखे हैं। खास बात यह है कि एक टिकट पर दर्शक पांचों दिन मैच का आनंद ले सकेंगे। दर्शक अपनी सुविधा के अनुसार पूरे दिन या किसी एक सत्र के दौरान भी स्टेडियम पहुंच सकते हैं। पीसीए ने अभिभावकों से अपील की है कि वे गर्मी की छुट्टियों के दौरान बच्चों को स्टेडियम लाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव दिलाएं, ताकि वे अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते हुए देख सकें।
शुभमन गिल करेंगे कप्तानी
भारतीय टेस्ट टीम की कमान पंजाब के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल के हाथों में होगी। वहीं पंजाब के ही युवा खिलाड़ी गुरनूर बराड़ भी टीम का हिस्सा हैं। पीसीए ने क्रिकेट प्रशंसकों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर भारतीय टीम और पंजाब के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। मुकाबले के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।