June 4, 2026
4 june 11
  • ग्रुप-A, B और ग्रुप-C श्रेणियों में खिलाड़ी हुए हैं चयनित

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा सरकार की खेल नीति के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन दोपहर एक बजे किया गया है, जिसमें आउटस्टैंडिंग स्पोर्ट्स पर्सन (OSP) नीति के तहत पदक विजेता खिलाड़ियों को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इस दौरान ग्रुप-ए, ग्रुप-बी और ग्रुप-सी श्रेणियों में चयनित खिलाड़ियों को नियुक्तियां प्रदान की जाएंगी।

2020 के खिलाड़ियों को ही मिलेगा लाभ

जानकारी के अनुसार वर्ष 2020 से विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने वाले खिलाड़ियों को इस पहल का लाभ मिलेगा। लंबे समय से नियुक्तियों का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों के लिए यह कार्यक्रम बड़ी राहत और सम्मान का अवसर माना जा रहा है।

सरकार खिलाड़ियों को दे रही कैश अवार्ड

हरियाणा देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल है और राज्य सरकार लगातार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए नकद पुरस्कार, रोजगार और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। सरकार का मानना है कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में अवसर देने से युवा पीढ़ी खेलों की ओर अधिक आकर्षित होगी और प्रदेश का खेल स्तर और मजबूत होगा।
आज आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खिलाड़ी भी मौजूद रहेंगे। नियुक्ति पत्र मिलने के साथ ही चयनित खिलाड़ियों का सरकारी सेवा में शामिल होने का रास्ता साफ हो जाएगा।