- चेयरमैन बोले- तय समय पर ही पहुंचे केंद्र, आईडी-पासवर्ड से पोर्टल पर लॉगिन करें
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) ग्रुप-C से जुड़े उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है, जिनकी बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया पहले पूरी नहीं हो सकी थी और जिनके एडमिट कार्ड जारी नहीं हुए थे। आयोग ने ऐसे सभी अभ्यर्थियों के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन हेतु एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जिन उम्मीदवारों की बायोमेट्रिक प्रक्रिया लंबित थी, वे अब अपने यूजर आईडी और पासवर्ड के माध्यम से पोर्टल पर लॉगिन कर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड में बायोमेट्रिक सत्यापन की तिथि, समय और केंद्र की जानकारी उपलब्ध कराई गई है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों को अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए उपस्थित होना होगा। किसी भी उम्मीदवार को निर्धारित तिथि और समय से अलग बायोमेट्रिक कराने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
क्या करें अभ्यर्थी
– HSSC पोर्टल पर लॉगिन कर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करें।
– एडमिट कार्ड में दिए गए समय और केंद्र की जानकारी ध्यानपूर्वक जांच लें।
– निर्धारित तिथि पर समय से पहले केंद्र पर पहुंचे।
– अपने साथ एडमिट कार्ड और वैध फोटो पहचान पत्र अवश्य लेकर जाए।
आयोग की उम्मीदवारों से अपील
आयोग ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे अनावश्यक भीड़ से बचने के लिए केवल अपने निर्धारित समय पर ही केंद्र पर पहुंचें। बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया आगामी CET ग्रुप-C भर्ती प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी पात्र अभ्यर्थियों को समय पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करनी चाहिए।
गौरतलब है कि पहले कुछ अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक प्रक्रिया विभिन्न कारणों से नहीं हो पाई थी। अब आयोग ने उनके लिए अलग से व्यवस्था करते हुए एडमिट कार्ड जारी किए हैं, ताकि कोई भी पात्र अभ्यर्थी प्रक्रिया से वंचित न रहे।