May 26, 2026
26 may 19
  • वायरल रील के बाद फैसला

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : चंडीगढ़ प्रशासन ने एक्साइज नीति के उल्लंघन पर सख्त रुख अपनाते हुए शराब ठेका संचालकों को कड़ी चेतावनी दी है। डीसी ने कहा है कि यदि कोई शराब ठेकेदार अपने ठेके पर नीतियों का उल्लंघन करता है तो उसका लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।

डिप्टी कमिश्नर-कम-एक्साइज कमिश्नर निशांत कुमार यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को शहर के सभी शराब लाइसेंस धारकों की बैठक बुलाई गई थी। बैठक में हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील को लेकर गंभीर चिंता जताई गई। वीडियो में एक शराब विक्रेता कथित तौर पर ब्रांड प्रमोशन के नाम पर मुफ्त शराब परोसता दिखाई दिया था।

प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में कार्रवाई करते हुए शराब ठेकेदार को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।

लाइसेंस रद्द और ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी

डिप्टी कमिश्नर ने साफ कहा कि आबकारी नीति के किसी भी नियम का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी लाइसेंस धारकों को चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों का लाइसेंस रद्द किया जा सकता है। इसके साथ ही ऐसे लोगों को भविष्य में लाइसेंस या ठेकों की प्रक्रिया में भाग लेने से भी ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है।

तय कीमत से कम पर शराब बेचने पर होगी कार्रवाई

बैठक में सभी शराब विक्रेताओं को निर्धारित न्यूनतम बिक्री मूल्य का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने कहा कि तय कीमत से कम दर पर शराब बेचने या किसी प्रकार की स्कीम चलाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आबकारी विभाग ने बैठक में जानकारी दी कि शराब स्टॉक की निगरानी और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए रियल टाइम स्टॉक अपडेटेशन सिस्टम शुरू किया गया है। सभी लाइसेंस धारकों को समय पर और सही तरीके से स्टॉक अपडेट करने के निर्देश दिए गए।

कल DJ मालिक को गिरफ्तार किया था

चंडीगढ़ के पॉश सेक्टर-9 मार्केट में सरेआम शराब का लंगर लगाने के मामले में सोमवार को सेक्टर-3 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए DJ मालिक राजेश सचदेवा के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने FIR में लिखा है कि शराब ठेके के बाहर खुलेआम लोगों को नई शराब ब्रांड को प्रमोट करने के लिए शराब पिलाई जा रही थी।

मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। वीडियो में शराब ठेके के बाहर स्टॉल लगाकर लोगों को बर्फ के गोलों यानी चुस्की में वोदका मिलाकर मुफ्त में बांटते देखा गया। यह वीडियो खुद शराब ठेकेदार की ओर से इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था, जिसे विवाद बढ़ने के बाद डिलीट कर दिया गया। हालांकि, तब तक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था।

चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव ने कहा था कि सेक्टर-9 के जिस शराब ठेके के बाहर यह काम किया गया है, उसके लाइसेंस होल्डर को नोटिस जारी कर इस बारे में जवाब मांगा गया है।