- KMP एक्सप्रेसवे पर स्कॉर्पियो दूसरी गाड़ी से टकराई, शव अंदर बुरी तरह फंसे
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के नूंह में मंगलवार सुबह उत्तर प्रदेश पुलिस के पांच जवानों की मौत हो गई। सभी पुलिसकर्मी स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार थे। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे (KMP) पर धुलावट टोल प्लाजा के पास इनकी गाड़ी आगे चल रही दूसरी गाड़ी से टकरा गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पांचों पुलिसकर्मियों के शव गाड़ी में बुरी तरह फंसे हुए थे। इसके बाद इनके शव को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिसकर्मियों की गाड़ी पलवल की ओर से आ रही थी। ड्राइवर ने ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान गाड़ी असंतुलित हो गई और सामने चल रही दूसरी गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई।
जींद RTO में रजिस्टर है गाड़ी
घटनास्थल से पुलिस को एक यूपी पुलिस को आईकार्ड मिला है। यह सब इंस्पेक्टर मोहित कुमार यादव का है। बाकी चार पुलिसकर्मियों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। बस इतना ही पता चल पाया है कि पांचों उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में तैनात थे। पांचों जिस काले रंग की स्कॉर्पियो में जा रहे थे, यह गाड़ी हरियाणा के जींद RTO में रजिस्टर्ड है। यह गाड़ी देखने में बिल्कुल नई लग रही है।
थाना प्रभारी बोले- शव अस्पताल में भेजे
तावड़ू सदर थाना प्रभारी शीशराम ने बताया कि पांचों शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर एंबुलेंस बुलाकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। यह पता लगाया जा रहा है कि पांचों कहां जा रहे थे।