May 5, 2026
5 may 6
  • 3 दिन पहले ही हिसार में पार्टी जॉइन की
  • बोले-फायरिंग न करता तो मुझे मार देते

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के हिसार में चुनाव प्रचार के बीच हिंसा हो गई। भाजपा नेता प्रदीप सोनी पर नकाबपोशों ने लाठी-डंडों से हमला किया। इसके बाद सोनी ने लाइसेंसी पिस्टल से कई राउंड फायरिंग की। इसमें गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि 5 घायल हो गए। घायलों को हिसार के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

प्रदीप सोनी 2 मई को ही BJP में शामिल हुए। उन्होंने उकलाना नगर पालिका से भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल को समर्थन दिया था। अभी पूरी वारदाात की वजह सामने नहीं आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक प्रदीप रात को भारतीय स्टेट बैंक के पास कन्फेक्शनरी शॉप पर सामान लेने गए थे, इसी दौरान यह वारदात हुई।

उधर, गोली लगने से मरे युवक की पहचान आदमपुर क्षेत्र के गांव भाणा निवासी शुभम के रूप में हुई है। उकलाना थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। बूढ़ाखेड़ा के पवन बेदी की प्रदीप के साथ रंजिश थी। पवन ने बाकी लड़कों को बुलाकर प्रदीप को मारने भेजा था। मामले की जांच की जा रही है।

वहीं, प्रदीप सोनी का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा- बचाव में मैंने हवाई फायर किया। फिर भी हमलावर मारने से नहीं रुके तो मैंने गोलियां चलाई। अगर गोली नहीं चलाता तो हमलावर मुझे मार देते।

कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम, कन्फेक्शरी मालिक ने बताईं ये बातें…

बोलेरो गाड़ी से पहुंचे नकाबपोश हमलावर : उकलाना में कन्फेक्शरी की दुकान चलाने वाले दुकानदार नरेंद्र बॉबी ने बताया कि प्रदीप सोनी सोमवार रात करीब पौने 11 बजे उनके पास सामान लेने आए थे। इसी दौरान बोलेरो गाड़ी में कुछ युवक पहुंचे। सभी ने नकाब पहने थे। हमलवारों ने आते ही प्रदीप पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

सोनी ने फायरिंग की, एक की मौत, पांच घायल: दुकानदार नरेंद्र बॉबी ने आगे बताया कि सोनी जान बचाने के लिए दुकान से बाहर भागे। हमलावर भी उसके पीछे-पीछे दौड़े। इसी दौरान प्रदीप सोनी ने फायरिंग कर दी। गोलियां 5 युवकों को लगी, जिनमें से एक मौके पर मर गया। इसके बाद प्रदीप सोनी वहां से भागकर पैदल ही पुराने मंडी पहुंचे और शोर मचा दिया। इसके बाद आसपास के लोग और उनके परिजन पहुंचे। परिजन सोनी को इलाज के लिए हिसार के अमनदीप अस्पताल में ले गए।

गोली लगने से घायल हुए पांच युवक: इस वारदात में गांव सदलपुर के मुकेश को जांघ में, गांव भाणा के विवेक उर्फ जतिन को कंधे में, बड़ोपन के पवन को पेट में, बांडाहेड़ी के सोनू को हाथ और सदलपुर के मोनू को कूल्हे में गोली लगी है। घायलों को हिसार के सपरा अस्पाल में भर्ती करवाया गया है। प्रदीप सोनी को भी चोटें आई हैं और अमनदीप अस्पताल में भर्ती हैं।

शुभम के दोस्त ने बताया-बेदी ने पहले दारू पिलवाई, फिर यह काम करवाया

गोली लगने से जान गंवाने वाले शुभम के दोस्त रोहित ने बताया- शुभम मेरे साथ मेरे कमरे पर रहता था। उसके पास बजरंग का फोन आया है कि ऐसे-ऐसे बेदी का झगड़ा हुआ है, मैं नहीं आ सकता, इसलिए तुझे जाना है। इस पर शुभम रेडी होकर एक लड़के सोनू को साथ लेकर गया है। बजरंग ने 5 लड़के और भेजे। जतिन, रिस्की, मुखिया, भामू और एक और था।

इसके बाद 5 लड़के बोलेरो लेकर आते हैं और शुभम व सोनू को बाईपास से पिक करते हैं। वहां से उकलाना मंडी लेकर जाते हैं। वहां बेदी मिलता है। बेदी ने आगे की प्लानिंग बताई है कि ऐसे-ऐसे करना है। बेदी को मैं नहीं चाहता। इन लोगों ने ही बताया कि बेदी ने पहले दारू पिलाई फिर यह काम करवाया। इनका यूज किया गया।

पुलिस ने दुकान, बैंक बंद कराया, सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही

घटना की सूचना मिलते ही उकलाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस को मौके पर 5 डंडे, 2 जोड़ी जूते पड़े मिले। एक स्कोर्पियो गाड़ी भी खड़ी मिली, जो प्रदीप सोनी की है। इसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल भिजवाया गया।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हमला नगर पालिका चुनाव को लेकर हुआ या किसी अन्य कारण से, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली रही है।

इसके अलावा जांच के लिए घटनास्थल वाली रोड को बंद करवा दिया गया। यह घटना भारतीय स्टेट बैंक के पास हुई है। इस कारण बैंक को भी बंद करवा दिया गया है। यहां 3 पुलिस कर्मी तैनात किए गए है।

प्रदीप सोनी ने भाजपा प्रत्याशी को दिया था समर्थन

2 मई को उकलाना की पुरानी अनाज मंडी में प्रदीप सोनी द्वारा स्वर्णकार समाज की ओर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, फतेहाबाद के जिला अध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, भाजपा नेता श्रीनिवास गोयल, हिसार जिला हिसार अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़, पूर्व मंत्री अनूप धानक सहित कई भाजपा नेता पहुंचे थे।

इसी दौरान सोनी ने भाजपा जॉइन की और पार्टी प्रत्याशी निकिता गोयल को समर्थन दिया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी को लड्डुओं से तोला। सोनी भाजपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में लगे हुए थे। सोनी के साथ कार्यक्रम में निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी के ताऊ हरीश सोनी व चचेरे भाई ने भी भाजपा जॉइन की थी।

7 को CM को प्रचार के लिए आना है

उकलाना नगरपालिका चेयरपर्सन पद के लिए भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल के समर्थन में मतदाताओं से वोटों की अपील करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 7 मई को उकलाना पहुंचने का कार्यक्रम है। ऐसे में उकलाना में हुई ये घटना अब चर्चा का विषय बनी हुई है।