- पार्षदों की मीटिंग खत्म, तबीयत खराब होने के कारण नहीं पहुंची मेयर
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : गुरुग्राम नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के लिए बहुप्रतीक्षित चुनाव दूसरी बार टल गया। सवा साल के लंबे इंतजार के बाद हो रहे इस चुनाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल थी। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश के बाद निगम आयुक्त ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिस जारी किया था।
हालांकि अधिकतर पार्षद और नगर निगम कमिश्नर ने कार्यालय पहुंचकर बैठक की, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण बैठक में मेयर नहीं पहुंची। जिसके कारण बैठक खत्म कर सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के लिए चुनाव को फिर से टाल दिया गया।
बता दें कि चुनावी प्रक्रिया सुबह 11 बजे हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) के कॉन्फ्रेंस हॉल में शुरू होनी थी, लेकिन अभी तक कोई नहीं पहुंचा है। बैठक की अध्यक्षता मेयर राजरानी मल्होत्रा करेगी। चुनाव में नगर निगम के 36 निर्वाचित पार्षद अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
राव बनाम राव’ की रोचक जंग
हालांकि भाजपा के पास 36 में से 24 पार्षदों के साथ स्पष्ट बहुमत है, लेकिन असली मुकाबला पार्टी के भीतर दो दिग्गज गुटों के बीच माना जा रहा है। एक ओर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का खेमा है, तो दूसरी ओर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के समर्थक हैं। दोनों ही नेता अपने-अपने चहेते पार्षदों को इन महत्वपूर्ण पदों पर काबिज देखना चाहते हैं।
इसलिए महत्वपूर्ण यह चुनाव
अटका हुआ विकास: इन पदों के खाली होने से फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी (F&CC) जैसी महत्वपूर्ण समितियां सही से काम नहीं कर पा रही हैं जिससे शहर के कई बड़े प्रोजेक्ट्स लटके हुए थे।
राजनीतिक दबदबा: यह चुनाव दक्षिण हरियाणा की राजनीति में वर्चस्व की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि यदि सर्वसम्मति नहीं बनी, तो गुप्त मतदान (बैलेट पेपर) के जरिए विजेता का फैसला होगा। आज दोपहर बाद तक साफ हो जाएगा कि गुरुग्राम के इन दो अहम पदों का ताज किसके सिर सजेगा।