- भिवानी में सबसे ज्यादा, 2 मई से पश्चिमी विक्षोभ फिर होगा एक्टिव
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में अप्रैल के अंतिम दिन न्यूनतम तापमान में औसतन 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि यह सामान्य स्तर के आसपास बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस सोनीपत में रिकॉर्ड किया गया। भिवानी में का न्यूनतम तापमान प्रदेश में सबसे अधिक 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम ने अप्रैल माह के अंतिम दिनों में करवट ली है। मौसम विभाग ने आज गुरुवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, सोनीपत और पानीपत जिलों के लिए बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, अंबाला और पंचकूला समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
आज चल सकती है तेज आंधी
मौसम विभाग के अनुसार, 30 अप्रैल के बाद 2 से 5 मई तक भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और आंधी की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
सामान्य से कम रहा अधिकतम तापमान
उधर, बुधवार को अनेक इलाकों में हुई बारिश और बूंदाबांदी की वजह से प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते अधिकत तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री कम रहा।
तापमान में आई इस गिरावट की वजह से लोगों को भीषण गर्मी से हल्की राहत मिली। हालांकि प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस बोपानी (नूंह) में दर्ज किया गया।
कल बढ़ेगा दो से तीन डिग्री तापमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी संभव है। फिर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में दोबारा गिरावट आ सकती है।
ये रहा प्रमुख शहरों का अधिकतम
नारनौल में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री, हिसार में 38.6 डिग्री, सिरसा में 38.2 डिग्री और भिवानी में 37 डिग्री दर्ज किया गया। कई जिलों में तापमान सामान्य से नीचे रहा। वहीं कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना बना रहा।