April 29, 2026
29 april 2
  • अधिकतम तापमान में 3.7 डिग्री की गिरावट

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में बुधवार को भी मौसम खराब है। सुबह फरीदाबाद, नारनौल और पलवल में बारिश हुई। सोनीपत, पानीपत, जींद, हिसार के आसपास के इलाकों में बादल छाए हुए हैं। यहां भी बारिश की संभावना है।

पिछले दो दिनों से मौसम में हुए बदलाव के कारण प्रदेश में अधिकतम तापमान में 3.7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।

बीते दिन सबसे अधिक तापमान रोहतक में 41.3 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकतर जिलों में 2.1 से 5.4 डिग्री तक तापमान गिरा है। हालांकि आंधी ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। हिसार और सिरसा में रात को कई घंटे बत्ती गुल रही।

11 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, आज 11 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूह में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा कैथल, जींद, हिसार, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक का अनुमान है।

तीन शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के 3 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर रिकॉर्ड किया गया है। रोहतक में सबसे ज्यादा पारा 41.3°C दर्ज किया गया। फरीदाबाद में 41.0°C और नारनौल में 40.0°C दर्ज किया गया।

किसानों के लिए एडवाइजरी

किसानों को एडवाइजरी जारी की गई है कि खराब मौसम की संभावना को देखते हुए अगले 3-4 दिनों तक सरसों की कटाई और मड़ाई का काम रोक दें। कटी हुई फसल को रस्सियों से बांधकर सुरक्षित रखें। कपास और सब्जियों (भिंडी, घिया, खीरा) की बुवाई को भी अगले 3 दिनों के लिए टाल दें।

बदलते मौसम के कारण कीटनाशकों के छिड़काव को अभी रोक दें और पशुओं को लू और धूल भरी हवाओं से बचाने के लिए दिन में शेड के नीचे रखें और जूट के पर्दे लगाएं। उन्हें पर्याप्त मात्रा में साफ पानी और खनिज मिश्रण दें।