- 50 से ज्यादा गाने कर चुकीं, मासूम शर्मा के साथ भी काम किया
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज: हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही (30) का निधन हो गया। बताया गया है कि मंगलवार देर रात घर पर ही इन्हें हार्ट अटैक आया। परिवार के लोग उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हरियाणवी इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों ने दिव्यांका के निधन पर शोक व्यक्त किया है। हालांकि, दिव्यांका के परिवार की तरफ से अभी कोई बयान सामने नहीं आया।
दिव्यांका मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं। वह 50 से ज्यादा गानों में काम कर चुकी हैं। उन्होंने मासूम शर्मा, अमित सैनी रोहतकिया, केडी के साथ भी काम किया है। उनके इंस्टाग्राम पर 1.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
गाजियाबाद में रह रहा परिवार
दिव्यांका सिरोही का जन्म 19 नवंबर 1996 को बुलंदशहर में हुआ था। परिवार गाजियाबाद में रह रहा है। उन्होंने मेरठ स्थित चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से B.Com की। इसके बाद सिक्किम से MBA की। दिव्यांका के दो भाई- हिमांशु, दिपांशु और बहन जसमीत हैं। पिता गजेंद्र ट्रांसपोर्टर हैं और मां अनीता हाउस वाइफ हैं।
टिक टॉक शुरुआत, 20 मिलियन व्यूज आए
एक इंटरव्यू में दिव्यांका ने बताया था कि मुझे बचपन से ही एक्टिंग और डांस का शौक था। मैंने दिवाली के पास नीले रंग के सूट में टिक-टॉक पर पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के गाने ‘मेरी मम्मी नूं पसंद नि तू’ गाने पर वीडियो बनाई थी, जो मेरे एक्सप्रेशन की वजह से वायरल हो गई। उस वीडियो पर करीब 20 मिलियन व्यूज आए थे। इसके बाद टिक-टॉक पर मेरे फॉलोअर्स 5 मिलियन हो गए थे।
2018 में जॉब की, फिर इंडस्ट्री में एंट्री
दिव्यांका ने परिवार के सपोर्ट को लेकर कहा था कि कभी भी ऐसा फील नहीं हुआ कि परिवार साथ नहीं देगा। परिवार ने हर तरीके से मेरा साथ दिया। फाइनेंशियली भी मैंने खुद को मैनेज किया। 2018 में मैंने जॉब भी की। जब मुझे लगा कि मैं इस इंडस्ट्री में कुछ कर सकती हूं तो मैंने जॉब छोड़ दी।
शूटिंग पर भाई को लेकर जाती थीं
इंडस्ट्री को लेकर दिव्यांका ने कहा था कि अगर आप ठीक हो तो सबकुछ ठीक है। हर जगह हर तरीके के लोग मिलते हैं। जो लोग मैनेज नहीं कर पाते, उनके लिए ये लाइन गंदी है। मेरे पास टीम है। मैं अपने शूटिंग पर भाई को लेकर जाती हूं। पापा को डायबिटीज है इसलिए वह जा नहीं सकते।
शादी पर कहा था- अभी इरादा नहीं
शादी के सवाल पर दिव्यांका ने कहा था कि चाहे लव मैरिज हो या अरेंज, शादी का लड्डू खाकर भी पछताना पड़ता है और न खाकर भी। इसलिए बेहतर है कि न खाकर ही पछता लिया जाए। फिलहाल मेरा शादी का कोई इरादा नहीं है। शादी के बाद भी कई चीजें संभालनी पड़ती हैं। मैं अपने परिवार के लिए बेटी नहीं, बल्कि बेटे की तरह हूं।