- लोग बोले-सुबह 4 बजे लाइन में लग रहे, सिर्फ आश्वासन मिलता
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के फतेहाबाद में गैस सिलेंडर की किल्लत से परेशान लोगों ने आज (गुरुवार) सुबह स्टेट हाईवे जाम कर दिया। सुबह करीब 6.30 बजे से 7.30 बजे तक एक घंटे जाम लगा रहा। इससे फतेहाबाद और रतिया से पंजाब के बुढलाडा जाने वाला रास्ता बंद हो गया।
लोग बीच रस्ते पर ही बैठे दिखे। उन्होंने बताया कि वो पिछले एक हफ्ते से गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्होंने सिलेंडर नहीं मिल रहा।
उधर, जाम के कारण दूसरे लोगों को भी आने-जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना पाकर नायब तहसीलदार रशविंदर सिंह, रतिया सिटी थाना और सदर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और एक घंटे बाद जाम खुलवाया।
लोग बोले-गैस सिलेंडर के लिए सुबह 4 बजे लग रहे लाइन में
फतेहाबाद के रतिया में प्रदर्शन कर रहे अनिल कुमार, दयाल राम, मोहित, अमित ने बताया कि वे सुबह 4 बजे से लाइनों में लगते हैं, मगर सिलेंडर नहीं मिल पाता है। जब तक उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं करवाया जाएगा, तब तक वे जाम नहीं खोलेंगे। सिलेंडर नहीं मिलने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर मौजूद लोगों ने प्रशासन से इस समस्या के जल्द समाधान की मांग की। उन्होंने अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी भी जाहिर की।
एक घंटे बाद मिला आश्वासन, तब खोला जाम
वहीं, हाईवे जाम होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को लंबा इंतजार करना पड़ा। उधर, सूचना मिलते रतिया शहर थाना प्रभारी पुष्पा सिहाग, सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाना शुरू किया।
दोनों अधिकारियों ने पहले एजेंसी संचालक से बातचीत कर सप्लाई की जानकारी ली। इसके बाद उपभोक्ताओं से कहा गया कि आज शाम तक गैस सिलेंडर की गाड़ी आएगी। इसके बाद दिक्कत नहीं रहेगी। इस आश्वासन के बाद लोगों ने स्टेट हाईवे का जाम खोल दिया।
एजेंसी संचालक बोला-पीछे से नहीं आ रही सप्लाई
इस संबंध में गैस एजेंसी संचालक रामनिवास से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पीछे से गैस की आपूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कल तक गैस आ जाएगी और सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।