- ओले गिरने की भी संभावना, तापमान गिरेगा
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में पश्विमी विक्षोभ बुधवार 18 मार्च शाम से एक्टिव हो गया है। इसके प्रभाव के कारण दो दिन 19 और 20 मार्च तक मौसम खराब रहेगा। आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और कहीं-कहीं ओलावृष्टि को लेकर ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। खासकर उत्तर और पूर्वी जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत में ज्यादा असर रहेगा, जहां तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) के साथ बारिश होने की संभावना है। 20 मार्च को भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा और कई जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
तापमान में गिरावट और ठंडक बढ़ने के आसार हैं
इससे दिन के तापमान में गिरावट और ठंडक बढ़ने के आसार हैं। वहीं बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। आने वाले दिनों में दिन के तापमान 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी।
कल रेवाड़ी में गिरे ओले, 7 जिलों में बारिश
प्रदेश में बुधवार शाम रेवाड़ी में तेज बारिश के साथ ओले गिरे थे। वहीं गुरुग्राम भिवानी, हिसार, सिरसा, नारनौल और महेंद्रगढ़ में भी बारिश देखने को मिली थी। राजस्थान की तरफ से पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा में दाखिल हुआ।
नारनौल में तेज बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया। नारनौल में बिजली गिरने से 28 बकरियों की मौत हो गई। कई जगहों पर तेज हवा के कारण पेड़ व बिजली के खंभे उखड़ गए। गुरुग्राम में जलभराव के चलते कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति रही।
जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान
अधिकतम तापमान में गिरावट जारी
बारिश और बादलों की वजह से हरियाणा में अधिकतम तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 18 मार्च को राज्य का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 32.7°C महेंद्रगढ़ में दर्ज किया गया, जो सामान्य के आसपास रहा। हिसार, रोहतक, गुरुग्राम, भिवानी जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 31°C के बीच रहा।कई जगह हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जिससे तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हो सकी। मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 मार्च को बादल और बारिश के चलते दिन के तापमान में 2-3°C तक गिरावट संभव है, जिससे दिन में भी हल्की ठंडक महसूस होगी।
सोनीपत में सबसे कम रहा रात्रि तापमान
न्यूनतम तापमान में बारिश और बादलों के कारण बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 18 मार्च को राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.9°C सोनीपत में रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़, करनाल, हिसार, भिवानी समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 13 से 17°C के बीच रहा।औसतन न्यूनतम तापमान में करीब 2°C की वृद्धि देखी गई, जिससे रातें पहले के मुकाबले थोड़ी गर्म हो गई हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 और 20 मार्च को बादलों की मौजूदगी और नमी के कारण न्यूनतम तापमान सामान्य या उससे थोड़ा ऊपर बना रहेगा, यानी रात में ज्यादा ठंड महसूस नहीं होगी।