March 12, 2026
12 march 6
  • मनसा देवी मंदिर में कल से भंडारे में रोटी नहीं, सिरसा में पुलिस तैनात

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव का असर अब हरियाणा में भी दिखने लगा है। प्रदेश में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई जहां रोक दी गई तो वहीं घरेलू सिलेंडरों की डिलीवरी भी प्रभावित है। इसका असर फूड कारोबारियों पर भी हो रहा है। ढाबों और रेस्टोरेंट्स के पास कुछ दिन का ही स्टॉक बचा है।

हरियाणा का सबसे बड़ा इटिंग जोन मुरथल में पाइप्ड गैस आपूर्ति 20 फीसदी घटी है

हरियाणा का सबसे बड़ा इटिंग जोन मुरथल में पाइप्ड गैस आपूर्ति 20 फीसदी घटी है। सिलेंडर बुकिंग के नियमों में भी बदलाव किया गया है। अब डिलीवरी के 25 दिन बाद दूसरी बुकिंग हो रही है। गुरुवार सुबह से ही गैस एजेंसियों पर लंबी कतार लगी है। कालाबाजारी भी शुरु हो गई है। गुरुग्राम में घरेलू सिलेंडर ब्लैक में 1500 तक में मिल रहा है, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर का रेट 3 से 4 हजार रुपए हो गया है।

उधर, हरियाणा सरकार की ओर से गैस आपूर्ति को लेकर दिक्कतों को लेकर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही 18001802087 टोल फ्री नंबर भी जारी किया है। उपभोक्ताओं को गैस संबंधी कोई भी दिक्कत होने पर फोन कर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं। लोगों को कहना है कि यह नंबर गुरुवार को काम नहीं कर रहा है।

गुरुवार सुबह एजेंसी पर पहुंचे रेवाड़ी के गांव ढालियावास के जुगबीर ने बताया कि तीन दिन से सिलेंडर नहीं है। इधर-उधर से जुगाड़ कर रखा है। वहीं, पंचकूला शहर के मनसा देवी मंदिर में 25 हजार लोगों को कल से प्रसाद में रोटी मिलना बंद हो जाएगा। कल से केवल कढ़ी चावल और दाल चावल का प्रसाद ही लोगों को मिलेगा।

इस तरह पड़ रहा गैस सप्लाई पर असर…

गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें, नहीं आ रहे ओटीपी : गुरुवार को भी हिसार, सोनीपत, फतेहाबाद, हांसी, पानीपत, कैथल, रेवाड़ी और फरीदाबाद में गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। रेवाड़ी के गांव ढालियावास के जुगबीर ने बताया कि तीन दिन से सिलेंडर नहीं है। चार दिन पहले खत्म हो गया था। इधर-उधर से जुगाड़ कर रखा है। कभी हीटर पर बना ली, लकड़ी वैगहरा इकट्ठी कर रखी हैं। सिलेंडर खत्म होने पर बुक करवाया था। डीएसी नंबर मिला। आज आठ बजे यहां आया था, इतनी लंबी लाइन है। 8-10 पर्ची कटी, फिर बोल दिया सर्वर डाउन है।

मुरथल में पाइप्ड गैस आपूर्ति 20 फीसदी घटी : गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लि. (गेल) ने मुरथल के ढाबों की पाइप लाइन के जरिये गैस सप्लाई में 20% की कटौती की है। मुरथल ढाबा एसोसिएशन के प्रधान मनजीत सिंह ने बताया कि बहालगढ़ से मुरथल और गन्नौर तक 100 से ज्यादा ढाबे हैं। इनमें 15 बड़े ढ़ाबे हैं, जिनमें सुखदेव-अमरीक, मन्नत, गुलशन, पहलवान, झिलमिल, नीलकंठ, हवेली शामिल हैं। इन ढाबों से 8 से 10 हजार लोगों का रोजगार जुड़ा है। अभी इन ढाबों पर गैस सप्लाई पिछले पांच माह की लागत की औसत से 80 प्रतिशत मिलती रहेगी। अभी तुरंत ढाबों के खाने की कीमत नहीं बढ़ाई जा रही है। लेकिन ऐसी ही स्थिति लंबी चली तो इस पर विचार होगा।

मंदिरों के भंडारों में गैस किल्लत का असर: वहीं, पंचकूला शहर के मनसा देवी मंदिर में 25 हजार लोगों को कल से प्रसाद में रोटी मिलना बंद हो जाएगा। गैस की किल्लत के कारण माता मनसा सेवक दल की ओर से कल से रोटी नहीं बनाई जाएगी। ट्रस्ट के सदस्य यतेश कुमार ने बताया कि कल से केवल कढ़ी चावल और दाल चावल का प्रसाद ही लोगों को मिलेगा।