September 21, 2026
12 march 1
  • दो दिन और मौसम रहेगा शुष्क, 14 मार्च को बारिश होने का अनुमान

हरियाणा: ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मार्च के बीच ही गर्मी का असर तेज होने लगा है। प्रदेश के 6 जिलों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। यह औसत अधिकतम तापमान से 7.5°C ज्यादा है। दूसरी ओर राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.6°C की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद यह सामान्य से करीब 5.1°C अधिक बना हुआ है।

आमतौर पर मार्च में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री के बीच होना चाहिए, वहीं न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री के बीच होना चाहिए, मगर अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च से मौसम में बदलाव होगा। बारिश होन का अनुमान है, इससे बढ़ती गर्मी से थोड़ी बहुत राहत मिल सकती है। बुधवार को हरियाणा में नारनौल सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.5°C दर्ज किया गया। वहीं सोनीपत में सबसे कम 14.4°C दर्ज किया गया।

एक्सपर्ट से जानिए… आगे कैसा रहेगा मौसम

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. चंद्रशेखर डागर के अनुसार अगले 2 दिन तक मौसम शांत और साफ बना रहेगा। 12 व 13 मार्च के दौरान पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

इसके बाद 14 मार्च से मौसम में हलचल शुरू हो सकती है। इस दिन फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं। 15 मार्च को मौसम की यह गतिविधि प्रदेश के उत्तर-पूर्वी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत की ओर बढ़ सकती है।

इन 6 जिलों में 35 डिग्री पार पहुंचा पारा

मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार प्रदेश के 6 जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इनमें महेंद्रगढ़ (नारनौल) 37.5°C के साथ सबसे गर्म रहा। इसके अलावा हिसार 36.4°C, महेंद्रगढ़ 36.4°C, नूंह 36.9°C, भिवानी 35.5°C और गुरुग्राम 35.4°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। कई शहरों में पारा 34 से 35 डिग्री के बीच बना रहा।

न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट

प्रदेश में रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। सोनीपत में सबसे कम 14.4°C तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा करनाल में 14.8°C, जींद में 15.2°C, नूंह में 15.6°C और यमुनानगर में 15.5°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 17 से 21 डिग्री के बीच बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार रात के तापमान में फिलहाल ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।