- कांग्रेस ने लगाया ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, प्रश्नकाल में 20 सवाल, हंगामे के आसार
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज :हरियाणा विधानसभा में आज आयुष्मान चिरायु योजना के तहत मरीजों के इलाज का मुद्दा गूंजेगा। दरअसल, कांग्रेसी विधायकों की ओर से इस मुद्दे पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाया गया है। प्रस्ताव में पूछा गया है कि राज्य के निजी अस्पतालों ने कई स्वास्थ्य सेवाओं को बंद कर दिया है, जिससे लोगों को अच्छा इलाज नहीं मिल पा रहा है।
सदन में आज सत्तापक्ष और विपक्ष के 20 विधायकों ने प्रश्नकाल के दौरान सवाल लगाए हैं। इसके अलावा की कार्यवाही के दौरान सीएम नायब सैनी के द्वारा पेश किए गए बजट प्रस्तावों पर चर्चा होगी, इस दौरान हंगामा होने के आसार हैं। सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे से प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी।
दवाई खरीद का ब्योरा मांगा
रेनू बाला (साढौरा) से विधायक ने सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री से सवाल पूछा है कि क्या जिला यमुनानगर के साढौरा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से होकर गुजरने वाली चौतांग, सोम, नकटी तथा बोली नदियों की बड़े स्तर पर सफाई एवं गाद निकालने का कोई प्रस्ताव है।
वहीं मामन खान (फिरोजपुर झिरका) से विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री से पूछा है कि अप्रैल, 2023 से दिसंबर, 2025 तक मंडीखेड़ा के अल-अफिया सामान्य अस्पताल में दवाइयों की खरीद पर कितनी राशि वर्ष-वार खर्च हुई है, उनकी खरीद का माध्यम क्या था।
कैंसर अस्पताल के निर्माण पर सवाल
जरनैल सिंह (रतिया) से विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री से सवाल किया है कि क्या जिला फतेहाबाद में एक कैंसर अस्पताल का निर्माण करने का कोई प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन है।
वहीं मंजू चौधरी (नांगल चौधरी) से विधायक ने जन स्वास्थ्य अभियंत्रिकी मंत्री से सवाल किया है कि नांगल चौधरी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में उन गांवों की संख्या कितनी है, जिन्हें अब तक जल-जीवन मिशन के अंतर्गत जोड़ा गया है, नांगल चौधरी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के शेष गांवों एवं ढाणियों को जल-जीवन मिशन के अंतर्गत कब तक जोड़े जाने की संभावना है?
भूमि अधिग्रहण में किसान को क्या छूट
बलराम दांगी (महम) से विधायक ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री से पूछा है कि क्या उन किसानों को, जिनकी कृषि भूमि सरकार द्वारा राष्ट्रीय/राज्य राजमार्ग के निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई तथा जो बाद में मुआवजे की राशि का उपयोग करके बदले में भूमि खरीदते हैं, को ई-स्टाम्प ड्यूटी तथा पंजीकरण शुल्क में कोई छूट अथवा रियायत प्रदान की जाती है, यदि हां, तो मुआवजे की प्राप्ति की तिथि से निर्धारित समय अवधि कितनी है।
किसान को इस छूट के लिए योग्य होने के लिए भूमि खरीदनी होती है।
9वें दिन की कार्यवाही के अपडेट…
हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के 9वें दिन की कार्यवाही शांतिपूर्ण रही। बजट पर चर्चा के दौरान समालखा से भाजपा विधायक मनमोहन भड़ाना ने कहा, “मैं मुख्यमंत्री नायब सैनी को एक और बधाई दूंगा। जिस तरह से बजट में हिंदी के शब्दों का प्रयोग किया गया, मुझे भी हिंदी की डिक्शनरी लेकर बैठना पड़ा। मुझे लगता है कि CM नायब सैनी हमारे हिंदी के शशि थरूर हैं।”
उधर, विधायकों को स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि…टेबल पर लगे टैब पर कागज रखकर न पढ़ें, पिछले दिनों दबाव के कारण 2 टैब टूट गए थे, आगे इसका ध्यान रखें। जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने कहा कि लोग नहर का गंदा पानी पी रहे हैं। अधिकारी सरकार को फेक रिपोर्ट दे रहे हैं। सरकार को इसे चेक कराना चाहिए।
भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने थर्मल पावर प्लांट में से निकलने वाले प्रदूषण का मुद्दा उठाया। इसके जवाब में मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि जो गांव प्रभावित हैं, उन्हें राहत दी जाएगी। मैंने कल ही गांव का दौरा किया है। यमुनानगर से भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि हर साल गन्ने की फसल का क्षेत्रफल कम हो रहा है। सरकार को इस संबंध में कोई योजना लानी चाहिए।