- 12 मार्च तक शुष्क रहेगा मौसम, हिसार सबसे गर्म
हरियाणा: ब्रेकिंग न्यूज: हरियाणा में आगामी दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क (ड्राई) रहने की संभावना जताई गई है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में 12 मार्च तक मौसम सामान्यतः खुश्क बना रहेगा। हालांकि इस दौरान एक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।
8 मार्च की रात से 11 मार्च के बीच हरियाणा के कई क्षेत्रों में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना
कृषि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 8 मार्च की रात से 11 मार्च के बीच हरियाणा के कई क्षेत्रों में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। इस अवधि में आसमान में बीच-बीच में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन किसी बड़े वर्षा तंत्र की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बादलों की आवाजाही के साथ-साथ हवाओं की दिशा में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
तापमान में हो रही लगातार बढ़ोतरी
हरियाणा के शहरों में तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अधिकांश शहरों का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। प्रदेश में हिसार का तापमान सबसे अधिक 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।