March 7, 2026
9 march 3
  • दिन का पारा 7°C तक चढ़ा

हरियाणा :ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेश में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 3 शहरों में तापमान 35°C या उससे अधिक दर्ज किया गया। जिनमें हिसार सबसे गर्म रहा जहां 35.5°C तापमान रिकॉर्ड हुआ।

रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। प्रदेश के 5 शहरों में न्यूनतम तापमान 17°C से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे रात में भी हल्की गर्माहट महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले कुछ दिनों तक तापमान में धीरे-धीरे और बढ़ोतरी की संभावना है।

वहीं सोनीपत और फरीदाबाद में सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और चारों तरफ घनी धुंध छा गई। इस दौरान विजिबिलिटी भी जीरो हो गई। जिससे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिन का तापमान हिसार में 35.5°C, भिवानी में 35.0°C और महेंद्रगढ़ में 35.0°C दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। 5 शहरों में न्यूनतम तापमान 17°C से ऊपर चला गया इनमें अंबाला, नारनौल, भिवानी, पलवल और यमुनागर शामिल हैं।

जानिए कैसा रहा दिन और रात का तापमान…

दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा
प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले लगभग 0.6°C की बढ़ोतरी हुई और यह सामान्य से करीब 7°C अधिक रहा। करनाल, रोहतक, गुरुग्राम और अंबाला में भी पारा 31 से 34 डिग्री के बीच बना रहा। दिन में तेज धूप और शुष्क हवाओं के कारण लोगों को दोपहर में गर्मी का ज्यादा अहसास हुआ। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मार्च के शुरुआती दिनों में ही यह तापमान सामान्य से अधिक है।

रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री ऊपर
न्यूनतम तापमान भी प्रदेश में सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में करीब 0.3°C की गिरावट जरूर आई, लेकिन यह अभी भी सामान्य से लगभग 4.9°C ज्यादा बना हुआ है। सबसे कम न्यूनतम तापमान सोनीपत में 13.7°C दर्ज किया गया। वहीं अंबाला, नारनौल, पलवल और हथिनीकुंड जैसे इलाकों में रात का तापमान 17 डिग्री से ऊपर रहा। इससे सुबह और देर रात हल्की गर्माहट महसूस हुई।