April 20, 2025
WhatsApp Image 2024-09-08 at 6.11.10 PM

हरियाणा के पूर्व शहरी व निकाय राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि आगामी 28 नवंबर से 15 दिसम्बर तक कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। पूर्व मंत्री सुभाष सुधा सोमवार को स्थानीय केडीबी कार्यालय में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव की तैयारियों के बारे में बातचीत कर रहे थे।

पूर्व शहरी व निकाय राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव धूमधाम के साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 5 दिसम्बर से 11 दिसम्बर तक आयोजित होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि सीआरसी फण्ड के तहत 50 रेहडिय़ां पात्र लोगों के लिए उपलब्ध करवाई जाएंगी ताकि वह इन रेहडिय़ों के माध्यम से अपने उत्पादों को यहां पर बेच सकें।

इसके साथ-साथ यातायात की दृष्टिï से व्यापक प्रबंध किए जाएंगे। वर्ष 2016 से प्रदेश सरकार ने गीता महोत्सव को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मनाने की शुरुआत की है, तब से हरियाणा का नाम देश-विदेश में विख्यात हुआ है। इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में तंजानियां पार्टनर देश होगा तथा उड़ीसा पार्टनर राज्य होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की दृष्टि से शहर में विशेष तौर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा ताकि देश विदेश से आने वाले आगंतुकों को किसी प्रकार की अव्यवस्था का सामना ना करना पड़े।

पूर्व राज्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर क्राफ्ट और सरस मेले का भी आयोजन होगा। इस संदर्भ में जल्द ही प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों द्वारा स्टाल निर्धारित कर दिए जाएंगे। अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में सुरक्षा की दृष्टिï से व्यापक प्रबंध होगें तथा आने जाने वालों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से रखी जाएगी।

इस महोत्सव में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे तथा 48 कोस की परिधि में आने वाले स्थलों पर गीता महोत्सव से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में पेयजल की व्यापक व्यवस्था की जाएगी ताकि आने जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को कोई समस्या न आए। इस अवसर पर केडीबी के सीईओ पंकज सेतिया, केडीबी से सौरभ चौधरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *