September 29, 2024

यमुनानगर। भाजपा प्रत्याशी घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि हमने दस साल प्रदेश में जनसेवा के रूप में बिना भेदभाव हर वर्ग के हित में कार्य किया। प्रदेश के युवाओं को बिना खर्ची, बिना पर्ची नौकरी दिलाई। जबकि कांग्रेस व इनेलो सरकार के समय में नौकरियां बिकती थी। प्रत्येक नौकरी का रेट तय था। जिनके पास पैसा होता था, नौकरी का सपना केवल उसी का पूरा होता था।

यमुनानगर से भेदभाव कर अधिकतर नौकरियां रोहतक व दक्षिण हरियाणा में दी जाती थी। हमारी भाजपा सरकार ने योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरी दिलाने का काम किया। आज ऐसे परिवारों के युवाओं को नौकरी मिली, जो आर्थिक रूप से कमजोर थे। हमने व्यवस्था परिवर्तन करने का काम किया। हमने हरियाणा में सरकारी सेवाओं का डिजिटलीकरण कर शासन-प्रशासन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की। एक दशक पहले जो भ्रष्टाचार का बोलबाला था। उसे खत्म किया।

काम कराने के लिए रुपये लेने वाले बिचौलियों को खत्म किया। अब लोगों को अपना काम कराने के लिए रुपये देने की जरूरत नहीं। न ही कार्यालयों में भटकने की जरूरत है। आज डिजिटलीकरण से आम जनता को घर बैठे ही सरकारी सेवाओं को लाभ मिल रहा है। भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक अरोड़ा ने शनिवार को भूखड़ी, महमूदपुर, कनालसी, आजाद नगर, चांदपुर, संजय विहार कॉलोनी, चोपड़ा गार्डन, मॉडल कॉलोनी, तिलक नगर, विजय कॉलोनी और आजाद नगर गली नंबर तीन समेत अन्य स्थानों पर डोर टू डोर व जनसंपर्क अभियान चलाया।

इस दौरान आजाद नगर की गली नंबर दो और ऑटो मार्केट चांदपुर में आयोजित जनसभाओं में पूर्व सांसद व भोजपुरी फिल्म गायक दिनेश लाल यादव (निरहुआ) ने शिरकत की। इस दौरान लोगों ने उनका व विधायक अरोड़ा का फूल माला डालकर जोरदार स्वागत किया। जनसंपर्क के दौरान शहरवासियों से भाजपा प्रत्याशी घनश्याम दास अरोड़ा को अपना समर्थन व सहयोग देने की बात कही।

अरोड़ा ने कहा कि इनेलो व कांग्रेस सरकार ने यमुनानगर के साथ सौतेला व्यवहार किया। दोनों सरकारों की अनदेखी के चलते यमुनानगर की स्थिति बदहाल हो गई थी। लेकिन 2014 में भाजपा की सरकार आने के बाद यमुनानगर की अनदेखी नहीं हुई। भाजपा सरकार ने यहां पर जमकर विकास करवाया है। आज यमुनानगर में मॉडल रेलवे स्टेशन बना है। करोड़ों की लागत से 200 बेड का आधुनिक सिविल अस्पताल बना है।

यमुनानगर से नेशनल हाईवे 344 निकल रहा है। सुंदर व मजबूत सड़कों व नेशनल हाईवे बनने से लोगों की राह सुगुम हुई है। हर गांव व शहर की हर कॉलोनी में पक्की गलियां, नालियां व सीवरेज बनाने का काम किया। दस साल पहले जिन कॉलोनियों व गांवों के रास्ते व गलियां कीचड़युक्त थी, आज उनकी दशा बदल चुकी है। कई-कई घंटे बिजली को तरसने वाले जिलेवासियों को अब 24 घंटे बिजली मिल रही है।

बाड़ी माजरा व बूड़िया में पुल का निर्माण किया गया है। पांजूपुर में जल्द ही मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार होगा। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने पर जनहित में अनेकों परियोजनाएं बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने पिछले दस सालों में हरियाणा में नॉन स्टॉप विकास हुआ है। भाजपा सरकार बनने पर आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *