April 23, 2024

महिला कोच से छेड़छाड़ के मामले में राज्यमंत्री संदीप सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष सुधा भारद्वाज के नेतृत्व में पंचकूला से चंडीगढ़ की ओर मार्च किया।

इस दौरान हुए प्रदर्शन में चंडीगढ़ पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शन में नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी, पंचकूला की पूर्व मेयर उपिंदर कौर आहलूवालिया, मोनिका डूमरा, प्रदेश उपाध्यक्ष विमल सरेहा, ऊषा कुमारी, गीता भारती, सत्या शर्मा, निर्मल बलहारा, रीना मलिक, नीलम बाल्यान, नीलम देवी, दीप्ति शर्मा ने हिस्सा लिया।

सुधा भारद्वाज ने कहा कि आज हरियाणा में महिलाएं सुरक्षित नहीं है, क्योंकि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। महिला कोच ने हिम्मत जुटाकर संदीप सिंह के खिलाफ आवाज उठाई, लेकिन सरकार ने अपनी पूरी ताकत संदीप सिंह को बचाने में लगा दी है।

हरियाणा की महिला खिलाड़ी विनेश फौगाट और कई अन्यों ने तीन दिन तक दिल्ली में धरना दिया और कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण पर यौन शोषण के आरोप लगाए। बृजभूषण भी भाजपा के सांसद हैं। इस पर भी मुख्यमंत्री चुप रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *