May 17, 2024

विधायक असीम गोयल ने आज उत्तर हरियाणा के प्रसिद्ध वामन द्वादशी मेले के धार्मिक समारोह में भाग लिया और विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान वामन के हिंडोले उठाते हुए शोभायात्रा में भाग लिया। इस दौरान भगवान वामन के पांचों हिंडोलों पर ड्रोन के माध्यम से पुष्प वर्षा भी की गई। भगवान वामन की जय के नारों से सारा वातावरण भक्तिमय हो गया। मेले के समापन अवसर पर वामन भगवान के हिंडोले नौरंगराय सरोवर पहुंचे और वहां उन्हें जल परिक्रमा करवाई गई। इससे पहले आज भगवान वामन के प्रकट दिवस अवसर पर अम्बाला शहर नगर में शोभायात्रा का भी आयोजन किया गया। शोभायात्रा के दौरान विभिन्न जगहो से आये बैंड बाजों ने भजन गीतों के माध्यम से अपनी छठा बिखेरने का काम किया वहीं ताश पार्टी ने भी अपना हुनर दिखाया।

इसके साथ-साथ शोभायात्रा में बिजनौर की झांकिया, हापूड की कीर्तन पार्टी व मेरठ की शहनाई एवं ताश पार्टी शामिल रही। भक्तों में विशाल शोभायात्रा को लेकर काफी उत्साह देखा गया। शोभायात्रा के दौरान भक्त भक्तिमय गीतों पर झूमते हुए नजर आए। यह शोभायात्रा गुडमंडी अम्बाला शहर से शुरू होकर तंदुरा बाजार, कोतवाली बाजार, सर्राफा बाजार, दाल बाजार, जैन बाजार, हलवाई बाजार, बाजार बस्ती राम, कुम्हार मोहल्ला, पुराना सिविल अस्पताल से होते हुए नौरंगराय तालाब पहुंची।

इस अवसर पर विधायक असीम गोयल ने मेले के आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि सनातन धर्म सभा द्वारा इस मेले का आयोजन पिछले कई वर्षों से किया जाना काफी सराहनीय है। उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म में वामन द्वादशी का अपना ही महत्व है। वामन अवतार भगवान विष्णु के दस अवतार में से एक हैं। भगवान विष्णु का यह अवतार एक महत्वपूर्ण अवतार माना जाता है। उन्होंने कहा कि भारत में विभिन्न धर्मों के लोग रहते है जिनकी विशेषता उनकी विभिन्न धार्मिक प्रथाएं और विश्वास है। भारत की इस अध्यात्मिक धरती ने कई धर्मों को जन्म दिया है। ये सभी धर्म मिलकर एक धर्म निरपेक्ष राष्ट्र का निर्माण करते हैं।

उन्होंने कहा कि भारत जैसे विशाल देश में सभी देशवासियों के कल्याण और प्रगति के लिए बिना किसी भेदभाव के समान अधिकार दिये गये हैं। उन्होने कहा कि अम्बाला के इस मेले के एतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए इसे राष्टï्रीय स्तर पर पहचान दिलवाने का कार्य वर्तमान सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने इस मौके पर नगरवासियों को भगवान वामन प्रकट दिवस की बधाई देते हुए इस आयोजन के आयोजक श्री सनातन धर्म सभा के सभी पदाधिकारियों के साथ-साथ मेले से जुडे सभी को आयोजन की सफलता की बधाई दी।

इस अवसर पर श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष एवं मेला संयोजक नरेश अग्रवाल, सह मेला आयोजक अरविंद लक्की, सचिव सोहन लाल परवंदा, कोषाध्यक्ष कुलभूषण गोयल, बंतो कटारिया, रितेश गोयल, संजीव गोयल टोनी, अनुभव अग्रवाल, प्रदीप गोयल, मुकेश जिंदल, विशाल बत्रा, रवि अग्रवाल, नितिन गोयल, अर्पित अग्रवाल, संत लाल, रोहित अग्रवाल, अमन सूद, गुरविन्द्र सिंह मानकपुर, रिंकल गुजराल, सुरिन्द्र ढिंगरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और हजारों की संख्या में श्रद्धालू मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *