November 26, 2026
26 nov 7
  • हमलावरों ने बाबा गैंग का सदस्य समझकर मारी गोलियां

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  रोहतक के मिलन होटल पर बुधवार रात हुई गैंगवार में बेरी निवासी हिमांशु (26) की भी जान चली गई, जबकि वह किसी गैंग से जुड़ा नहीं था। हमलावरों का निशाना डीघल गांव निवासी रिंकू (28), विनीत (22), यश उर्फ गंजू (22) थे।

तीनों को मारने पहुंचे बदमाशों ने होटल में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। उस समय हिमांशु भी वहां मौजूद था। गोलियों की आवाज सुनकर वह जान बचाने के लिए भागने लगा, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उसे भी तीनों युवकों का साथी समझ लिया और गोलियां बरसा दीं।

हिमांशु अपनी बहन की ससुराल भालौठ गांव आया हुआ था। बुधवार रात वह अपने जीजा से यह कहकर निकला था कि होटल पर खाना खाने जा रहा है और उनके लिए भी खाना पैक करवाकर ले आएगा।

उसे क्या पता था कि कुछ देर में खाना लेकर घर लौटने के बजाय उसकी मौत की खबर पहुंचेगी। जिस गैंगवार से उसका कोई लेना-देना नहीं था, उसी की गोलियों ने परिवार का इकलौता बेटा छीन लिया।

पिता के साथ खेती में भी हाथ बंटाता था

हिमांशु दो भाई-बहनों में छोटा था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी बड़ी बहन की शादी भालौठ गांव में हुई है। बुधवार को वह बहन की ससुराल आया हुआ था। उसके जीजा के मिलन होटल के पास नहर किनारे खेत हैं, जहां काम चल रहा था। हिमांशु भी इसमें मदद करने आया था। उसके पिता खेतीबाड़ी करते हैं और हिमांशु पढ़ाई के साथ उनके काम में भी हाथ बंटाता था। वह रोहतक के जाट कॉलेज से BA कर रहा था।

मामा बोले- भांजे का किसी गैंग से संबंध नहीं

हिमांशु के मामा ओमबीर ने बताया कि हिमांशु का किसी भी गैंग से कोई संबंध नहीं था। वह सिर्फ अपनी जान बचाने के लिए भागा था। वह पढ़ाई करता था और खाली समय में पिता के साथ खेतीबाड़ी में मदद कराता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार भी हिमांशु के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था।

फायरिंग में मरने वाले रिंकू, विनीत और यश के बारे में जानिए….

रिंकू पर पांच केस चल रहे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, डीघल निवासी रिंकू का नाम अगस्त 2023 में बेरी में हुई फायरिंग की घटना में सामने आया था। इस वारदात में अनीश नाम के युवक की गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि रिंकू घायल हुआ था। रिंकू पर हत्या और हत्या के प्रयास समेत कुल 5 मामले दर्ज हैं।

डबल मर्डर में विनीत-यश की हुई थी गिरफ्तारी

मार्च 2022 में रिटौली गांव में हुए डबल मर्डर के मामले में STF ने डीघल निवासी विनीत उर्फ विन्नी और यश उर्फ गंजू को गिरफ्तार किया था। उस समय पुलिस ने दोनों के कब्जे से हथियार भी बरामद किए थे। इस पुराने मामले में दोनों के नाम अंकित उर्फ बाबा और सन्नी रिटोलिया से जुड़े गुट के साथ सामने आए थे। विनीत पर भी हत्या समेत कुल 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं।