- कुरुक्षेत्र पुलिस ने भाई-बहन और सास-बहू को पकड़ा, पहले भी पकड़े जा चुके
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कुरुक्षेत्र जिले के थानेसर स्थित गांधी नगर की चार महिलाएं नशा तस्करी के मामले में एक बार फिर पुलिस के हत्थे चढ़ गई हैं। कुरुक्षेत्र पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अमीन गांव के पास नाकाबंदी कर एक पिकअप गाड़ी से 25.5 किलो गांजा बरामद किया है।
जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 13 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से चारों महिलाओं और पिकअप चालक को गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर पुलिस रिमांड पर लिया है।
पकड़ी गई चारों महिलाओं में सास कमला और बहु मंगो भी शामिल हैं। पालो और ममता के अलावा पिकअप ड्राइवर प्रवीन कुमार मंगलवार-बुधवार रात को दिल्ली से गांजा लेकर आ रही थी। ममता और प्रवीन भाई-बहन हैं।
दिल्ली से गांजा लेकर लौट रहे थे
DSP हेड क्वार्टर सुरेश कुमार ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) को सूचना मिली थी कि गांधी नगर की रहने वाली चार महिलाएं गांजा बेचने का काम करती हैं। वे प्रवीन कुमार के साथ पिकअप में दिल्ली से भारी मात्रा में गांजा लेकर कुरुक्षेत्र आ रही हैं। गाड़ी नीलोखेड़ी से अमीन गांव होते हुए गांधी नगर पहुंचने वाली थी।
अमीन गांव के पास नाकाबंद की
पता चलने के बाद एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने अमीन गांव के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद बताए गए नंबर की पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी रुकवाकर चालक और चारों महिलाओं को काबू कर लिया।
13 लाख रुपए का गांजा पकड़ा
तलाशी लेने पर गाड़ी में रखे कट्टे से करीब 25.5 किलो गांजा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय मार्केट में इस गांजे की कीमत 13 लाख रुपए के आसपास है। आरोपी पहले भी नशा तस्करी के मामलों में पकड़े जा चुके है।
चेतावनी के बाद भी नहीं माने
DSP सुरेश कुमार ने बताया कि इनको नशे के साथ दोबारा पकड़े जाने पर पुलिस ने घरों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई थी। लेकिन आरोपी दोबारा इस धंधे में शामिल पाए गए।
अब नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
आरोपी दिल्ली से पानीपत तक बस में गांजा लेकर आई थीं। फिर पानीपत से पिकअप में गांजा छुपाकर ला रही थी। आरोपी दिल्ली में किससे गांजा खरीदकर लाए थे और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। इसकी पुलिस जानकारी जुटा रही है।