- रात में बढ़ेगी ठिठुरन, 2 दिन मौसम रहेगा खुश्क
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में सर्दी ने तेवर तीखे कर दिए हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज (26 नवंबर) प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण सुबह के समय विजिबिलिटी प्रभावित होने और हाईवे पर सफर करने वालों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। उधर, बीती रात के न्यूनतम तापमान में औसतन 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है।
आज अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, और करनाल में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आने वाले दिनों में पूरे हरियाणा में कोहरा दिखाई देगा।
12 शहरों में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे आया
25 नवंबर को दर्ज किए गए न्यूनतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के महेंद्रगढ़ में 7.8°C तापमान दर्ज किया गया। वहीं 12 से अधिक जिलों के अलग-अलग शहरों में पारा 10°C या उससे नीचे दर्ज किया गया है।
महेंद्रगढ़ में 7.8°C, नारनौल में 9.2°C, हिसार में हिसार में 8.2°C, करनाल में 8.2°C, सिरसा में 8.6°C, पंचकूला में 8.6°C, झज्जर में 8.8°C, रेवाड़ी में 9.8°C, भिवानी में 8.8°C, कुरुक्षेत्र में 8.8°C और कैथल, जींद, फतेहाबाद, रोहतक व अंबाला में तापमान 10 डिग्री से कम रहा।
जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान…
रात में ठंडक बढ़ी, दिन में धूप से राहत: प्रदेश में औसत न्यूनतम तापमान 1.1°C गिरा है, जबकि औसत अधिकतम तापमान में 0.1°C की मामूली बढ़ोतरी दर्ज हुई। यानी रातें सर्द हो रही हैं, लेकिन दिन में धूप निकलने से पारा 23.5°C से 29.0°C के बीच बना हुआ है।
सर्वाधिक गिरावट और सबसे ठंडे केंद्र: 24 घंटों में हिसार और केवीके फतेहाबाद में न्यूनतम तापमान -3.0°C तक लुढ़का, जबकि कुरुक्षेत्र में -2.9°C की गिरावट आई। महेंद्रगढ़ (7.8°C) और हिसार का सादलपुर (8.0°C) सबसे ठंडे रहे।
चरखीदादरी में सबसे ज्यादा तापमान: अधिकतम तापमान में चरखी दादरी और नूंह 29.0°C के साथ सबसे गर्म रहे, जबकि रोहतक 23.5°C और यमुनानगर (24.8°C) में दिन का पारा अपेक्षाकृत कम रहा।
28 नवंबर तक साफ रहेगा मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, राज्य में 28 नवंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है।
इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं। हल्की से मध्यम गति से चलने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण रात के तापमान में हल्की गिरावट और दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी जारी रहेगी, जबकि सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छाए रहने के आसार हैं।